विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में दशहरा पर 60 फुट के रावण होगा दहन, Facebook और YouTube पर सीधा प्रसारण

Published: Mon, 19 Oct 2026 02:45 PM (IST)

गाजीपुर के लंका मैदान में विजयादशमी पर 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला बटन दबाकर इस एतिहासिक आयोजन का समापन करेंगे।

दशहरा पर 60 फुट के रावण होगा दहन।

दशहरा पर 60 फुट के रावण होगा दहन।

HighLights

  1. गाजीपुर में 20 अक्टूबर को 60 फीट रावण दहन।

  2. जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला करेंगे रावण के पुतले का दहन।

  3. कार्यक्रम का फेसबुक और यूट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। विजयादशमी पर मंगलवार यानी 20 अक्टूबर को लंका मैदान में 60 फीट के विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राम-रावण युद्ध के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला बटन दबाकर रावण का दहन करेंगे।

रात आठ बजे होने वाले इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। रामलीला कमेटी ने नगरवासियों से सपरिवार पहुंचकर विजयादशमी की पारंपरिक लीला का साक्षी बनने की अपील की है।

कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि रामलीला मंचन के 15वें दिन लंका मैदान स्थित 65 फीट के रावण बाड़े में राम-रावण युद्ध की लीला होगी। इसके बाद जिलाधिकारी के हाथों रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

शाम सात बजे तक ही दुर्गा प्रतिमाओं का प्रवेश

कमेटी ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि मां दुर्गा की प्रतिमाएं प्रभु श्रीराम को आशीर्वाद देने की परंपरा के तहत गेट नंबर चार से लंका मैदान में लाई जाएं। प्रतिमाओं को शाम सात बजे तक ही मैदान में प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इसके बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद रावण बाड़े में राम-रावण युद्ध की पारंपरिक लीला का मंचन शुरू होगा और रात आठ बजे पुतला दहन किया जाएगा।

एलईडी स्क्रीन पर दिखेगा कार्यक्रम

आयोजन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए लंका मैदान में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही विजयादशमी कार्यक्रम का फेसबुक और यूट्यूब पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। कमेटी ने लोगों से त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। भीड़ को देखते हुए अभिभावकों से छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव 9 नवंबर से, 150 स्टॉलों पर दिखेगी पहाड़ की संस्कृति