गाजीपुर में प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर से सिलिंडर चोरी, मिड-डे मील बनाने का संकट
गाजीपुर में प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर के रसोईघर से गैस सिलिंडर चोरी हो गया, जिससे मिड-डे मील बनाने में संकट खड़ा हो गया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर से गैस सिलिंडर चोरी हुआ।
सिलिंडर चोरी से मिड-डे मील बनाने में बाधा आई।
प्रधानाध्यापिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कासिमाबाद (गाजीपुर)। प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर के रसोईघर का ताला तोड़कर चोरों ने गैस सिलिंडर चोरी कर लिया। सोमवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापिका को घटना की जानकारी हुई।
उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही कासिमाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, सिलिंडर चोरी होने से मिड डे मील का संकट खड़ा हो गया। एक शिक्षक के घर से सिलिंडर मंगवाकर किसी तरह से मिड डे मील भोजन बना।
प्रधानाध्यापिका मिथिलेश के अनुसार, सोमवार को सुबह करीब 7:45 बजे वह विद्यालय पहुंचीं। रसोईघर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो गैस सिलिंडर गायब था, जबकि रसोईघर का अन्य सामान सुरक्षित था। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
प्रधानाध्यापिका ने तहरीर में बताया कि विद्यालय में पूर्व में भी चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं के संबंध में पुलिस को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं दोबारा हो रही हैं।
उन्होंने पुलिस से चोरी हुए सिलिंडर की बरामदगी और घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।कोतवाल राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिलेंडर चोरी के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
