गाजीपुर में 1.21 करोड़ की लागत से बन रहा किसान कल्याण केंद्र, किसानों को मार्च 2027 में मिलेगा लाभ
गाजीपुर में 1.21 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन किसान कल्याण केंद्र मार्च 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह ...और पढ़ें

जमानियां ब्लॉक में निर्माणाधीन किसान कल्याण केंद्र
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। स्थानीय ब्लाक मुख्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) की ओर से 1.21 करोड़ 87 लाख की लागत से निर्माणाधीन किसान कल्याण केंद्र मार्च 2027 तक बनकर तैयार होगा।तब जाकर किसानों को एक ही छत के नीचे कृषि संबंधित लाभ मिलेगा।हालांकि विभाग कार्य को तेजी से करा रहा है।
किसान कल्याण केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव लगभग चार वर्ष पहले सरकार को भेजा गया था। वर्ष 2025 में इस परियोजना को वित्तीय मंजूरी मिलने के साथ बजट आवंटित हुआ था। इसके बाद फरवरी 2026 में निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
तय योजना के मुताबिक भवन को छह महीने के भीतर बनाकर तैयार करना था, लेकिन समय सीमा खत्म होने के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका है।भवन के चालू होने से किसानों को खाद, उन्नत बीज, कृषि यंत्र, कीटनाशक और नई तकनीकों की जानकारी के लिए चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र में 35 हजार से अधिक पंजीकृत किसान हैं जो करीब 40 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि पर विभिन्न फसलों की खेती करते हैं। ऐसे में इस केंद्र के चालू होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
करीब 25 गुणा 25 मीटर क्षेत्रफल में बन रहा यह दो मंजिला किसान कल्याण केंद्र क्षेत्र के किसानों के लिए कृषि गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।किसानों को प्रशिक्षित करने और बैठकों के आयोजन के लिए एक मल्टीपर्पज हॉल। प्रशासनिक कार्यों के लिए तीन से चार रूम और आधुनिक स्टोरेज गोदाम।किसानों के लिए वेटिंग एरिया, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था रहेगी।
किसान कल्याण केंद्र मार्च 2027 तक बनकर तैयार हो जायेगा। परियोजना की लागत 1 करोड़ 21 लाख 87 हजार रुपये है। बजट का भुगतान तीन भागों में होना है। पहला भुगतान हो गया है। यह जी 1 डबल स्टोरी इमारत है। इस भवन का उपयोग कीटनाशक आदि रखने के लिए किया जाएगा।
-संजय श्रीवास्तव अधिशासी अभियंता यूपीआरएनएसएस, वाराणसी
