गाजीपुर में 23 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 30 से ज्यादा कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन
गाजीपुर में 23 सितंबर को एक वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा, जिसमें 30 से अधिक कंपनियां विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन करेंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गाजीपुर में 23 सितंबर को वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा।
30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन करेंगी।
अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर आवेदन करना होगा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। रोजगार की तलाश में जुटे जनपद के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सदर विधानसभा क्षेत्र में 23 सितंबर को वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय और स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मेला सुबह 10 बजे से महाविद्यालय परिसर में लगेगा। इसमें 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।
सुरक्षा गार्ड, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्निशियन, ऑपरेशन असिस्टेंट, ईवी तीन पहिया चालक और नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी
आठवीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक-परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए और कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर इच्छित कंपनियों में आवेदन करना होगा। मेले में मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र व छायाप्रति के साथ पहुंचना होगा। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 155330 या जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
