विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर-जमानियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण से भीषण जाम, तीन घंटे तक फंसी रही गाड़ियां

Published: Mon, 09 Feb 2026 08:43 AM (IST)

गाजीपुर-जमानियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण के कारण शनिवार शाम तीन घंटे का भीषण जाम लग गया। रजागंज चौकी के ...और पढ़ें

वैकल्पिक मार्ग नहीं होने और एकाएक वाहनों की संख्या बढ़ने से लगा जाम। जागरण

वैकल्पिक मार्ग नहीं होने और एकाएक वाहनों की संख्या बढ़ने से लगा जाम। जागरण

HighLights

  1. फ्लाईओवर निर्माण से गाजीपुर-जमानियां राजमार्ग पर लगा भीषण जाम।

  2. तीन घंटे तक फंसी रहीं गाड़ियां, यात्रियों को हुई परेशानी।

  3. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया।

जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर)। शहर कोतवाली के रजागंज चौकी के पास गाजीपुर-जमानियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फ्लाईओवर के पिलरों के निर्माण कार्य के चलते यातायात अचानक ठप हो गया। फ्लाईओवर निर्माण के कारण राजमार्ग काफी संकरा हो गया है और कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने से देखते ही देखते भीषण जाम लग गया, जो करीब तीन घंटे तक चला।

शाम करीब सात बजे शुरू हुआ जाम देर रात लगभग दस बजे जाकर खुल सका। इस दौरान राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें करीब तीन किलोमीटर तक फैल गईं। हालात ऐसे हो गए कि सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया और छोटे-बड़े सभी वाहन जहां-तहां फंसे रह गए। सर्द मौसम में जाम में फंसे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग घंटों इंतजार करते रहे। जाम में एंबुलेंस के फंस जाने से मरीजों और उनके तीमारदारों की चिंता और बढ़ गई।

जाम को नियंत्रित करने में जुटी पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आक्रोशित लोग अव्यवस्थित यातायात को लेकर प्रशासन पर नाराजगी जताते नजर आए। देर रात अतिरिक्त प्रयासों के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। एनएचएआइ के अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देश दिया है, लेकिन वह भी अभी निर्माणाधीन है।

यह भी पढ़ें- CTET : गाजीपुर में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा साॅल्वर गिरफ्तार, बायोमेट्रिक जांच में पकड़ आया मामला

रात में बड़े वाहनों के आवागमन से भी बढ़ जाती है परेशानी

हमीद सेतु पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित है। हाइटगेेज बैरियर भी लगा है, लेकिन खाली वाहनों का आवागमन होता है। शाम होते ही बड़े वाहन खाली ट्रेलर की संख्या एकाएक बढ़ जाती है। इससे स्थिति और विकट हो जाती है। अगर एक ट्रेलर वाहन रजागंज चौकी के करीब पहुंचता है, तो उस समय कोई दूसरा वाहन नहीं जा सकता है। क्योंकि मार्ग बहुत ही संकरा हो गया है। यही कारण रहा कि शनिवार की रात इतना भीषण जाम लग गया।