चार दिन में तीन क्विंटल बिका गाजीपुर के मिर्च का अचार, ट्रेड शो में विदेशी खरीदारों की लगी भीड़
गाजीपुर का मिर्च अचार ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में खूब बिका, चार दिनों में लगभग 300 किलो अचार की बिक्री हुई।

नोएडा के ट्रेड शो में गाजीपुर के मिर्च के अचार के स्वाद ने खरीदारों को लुभाया।
HighLights
गाजीपुर के मिर्च अचार की ट्रेड शो में भारी बिक्री हुई।
चार दिनों में लगभग 300 किलो अचार बिक गया, स्टॉक खत्म।
विदेशी खरीदारों ने गाजीपुर के अचार में निर्यात की रुचि दिखाई।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। खेतों में तैयार होने वाली गाजीपुर की मिर्च अब अचार के स्वाद के साथ बड़े बाजार की तलाश में नोएडा पहुंच गई है। जिले के चयनित एक जनपद, एक व्यंजन उत्पाद मिर्च के अचार ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में खरीदारों का ध्यान खींचा।
25 से 29 सितंबर तक चले इस आयोजन में चार दिनों में करीब 300 किलो अचार की बिक्री हुई और अंतिम दिनों में ग्राहकों की मांग पूरी करने के लिए स्टाक तक खत्म हो गया।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के साथ 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार पहुंचे।
करीब पांच लाख आगंतुकों के बीच गाजीपुर के मिर्च अचार को भी देश-विदेश के खरीदारों के सामने सीधे उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर मिला। पहली बार एक जनपद, एक व्यंजन के तहत चयनित व्यंजनों की उच्च गुणवत्ता वाली प्रदर्शनी पैकेज्ड फूड और लाइव फूड श्रेणी में लगाई गई।
गाजीपुर की कादीपुर एग्रो एंड फूड इंडस्ट्रीज एलएलपी के स्टाल पर करीब 25 देशों के एक्सपोर्टरों ने मिर्च अचार को देखा, चखा और उसके उत्पाद व बाजार संभावनाओं की जानकारी ली।
एक्सपोर्ट-इंपोर्ट पवेलियन में अफ्रीका के कैमरून, केन्या, जिम्बाब्वे के साथ नेपाल, जापान और रूस समेत विभिन्न देशों के कारोबारी पहुंचे। इनमें केन्या और नेपाल के एक्सपोर्टरों से गाजीपुर के अचार को निर्यात करने को लेकर बातचीत भी आगे बढ़ी है। स्टाल पर ग्रीन चिली पिकल्स 100 ग्राम की कीमत 50 रुपये और केचअप 60 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया गया।
सरकार ने निश्शुल्क उपलब्ध कराया स्टाल
आयोजकों की ओर से एक जनपद, एक व्यंजन के तहत स्टाल निश्शुल्क उपलब्ध कराया गया। उद्योग विभाग के पत्र के अनुसार प्रतिभागियों को ओडीओसी विपणन प्रोत्साहन योजना के तहत नियमानुसार माल ढुलाई और यात्रा व्यय की प्रतिपूर्ति का भी प्रावधान है। कादीपुर एग्रो के निदेशक राहुल सिंह ने बताया कि ट्रेड शो ने गाजीपुर के उत्पाद को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का सीधा मंच दिया है।
जूट उत्पाद को भी मिला मंच
गाजीपुर से एमएसएमई के तहत प्रेरणा इंटरनेशनल के एथेंटिक उत्पाद और जीआइ के तहत उन्नति स्वयं सहायता समूह के जूट वाल हैंगिंग को भी प्रदर्शित किया गया। इस तरह जिले के खाद्य उत्पाद के साथ स्थानीय हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों को भी बड़े कारोबारी मंच पर खरीदारों के सामने पहुंचने का अवसर मिला।
