गाजीपुर में 200 मीटर के दायरे वाले आंगनबाड़ी केंद्र स्कूलों में होंगे शिफ्ट, शुरू हुई प्रक्रिया
गाजीपुर में 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के परिसर में ...और पढ़ें

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
HighLights
आंगनबाड़ी केंद्र 200 मीटर के दायरे वाले स्कूलों में शिफ्ट होंगे।
बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और बाल वाटिका मिलेगी।
सुरक्षित कक्ष, बिजली, पानी, शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। जिले में तीन से छह वर्ष के नौनिहालों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। इसके पिछे शासन की मंशा है कि विद्यालयों में बनाया जाने वाला बाल वाटिका को जमीन पर उतारा जा सके।
शासन के निर्देश पर विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग के बाद 200 मीटर की परिधि में आने वाले ऐसे केंद्रों को चिह्नित किया जा रहा है, जो गैर-विभागीय भवनों में संचालित हैं। इन केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से संबंधित विद्यालयों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिले में कुल 4127 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें अभी 1047 केंद्र ही विद्यालय परिसरों में संचालित हो रहे हैं। शेष केंद्र निजी भवनों अथवा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के घरों में चल रहे हैं।
अब प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों से 200 मीटर के दायरे में आने वाले केंद्रों की संख्या तय करने की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारियों को दी गई है।
सुरक्षित कक्ष, बिजली-पानी और खेलकूद की सुविधा जरूरी
विद्यालय परिसर में शिफ्ट किए जाने वाले केंद्रों के लिए सुरक्षित एवं निर्धारित कक्ष, बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के हित में किया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य नौनिहालों को गतिविधि आधारित शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें औपचारिक शिक्षा के लिए तैयार करना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शासन ने पूरी प्रक्रिया को मिशन मोड में पूरा करने पर जोर दिया है।
