गाजीपुर में जेन अल्फा के 'तूफानी टोली गैंग' ने जेन-जी को पीटा, वीडियो बनाया
गाजीपुर में 'तूफानी टोली गैंग' के नाम से सक्रिय जेन अल्फा किशोरों ने एक जेन-जी छात्र पुष्कर राय को पीटकर ...और पढ़ें

गाजीपुर में 'तूफानी टोली गैंग' का आतंक: जेन अल्फा किशोरों ने जेन-जी छात्र को पीटा, वीडियो बनाया।
HighLights
गाजीपुर में 'तूफानी टोली गैंग' ने छात्र को पीटा।
जेन अल्फा किशोरों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया।
पुलिस ने शिकायत पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। शहर में जेन अल्फा (किशोरों का) 'तूफानी टोली गैंग' सामने आया है। रायगंज निवासी कोचिंग छात्र को 12 से 14 नाबालिग लड़कों ने घेरकर पीट दिया और पिटाई का वीडियो भी बनाया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि नौ सितंबर की शाम वह कोचिंग से निकलकर सिंचाई विभाग चौराहे के पास दुकान पर दो दोस्तों के साथ फ़ास्ट फूड खा रहा था, तभी 5-6 बाइक पर सवार होकर 12-14 किशोर आ गए। आरोप है कि खुद को 'तूफानी गैंग' बताने वाले इन लड़कों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार गैंग में शामिल किशोरों की पहचान
मियापुरा स्थित एक नामचीन स्कूल के छात्रों के रूप में हुई है। मुख्य आरोपित का पिता स्कूल के पास राशन की दुकान चलाता है और वह हिस्ट्रीशीटर रहा है। पिता के नक्शेकदम पर उसका बेटा भी चल रहा है। अब तक या कई लोगों के साथ मारपीट कर चुके हैं।
सभी आरोपित जेन अल्फा (2010 के बाद जन्मे) उम्र के बताए जा रहे हैं, जबकि पीड़ित जेन-जी है।
मारपीट के बाद गैंग उसके घर तक पहुंच गया और धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे। पीड़ित छात्र ने रविवार को कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर गैंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में 'तूफानी टोली गैंग' के नाम पर किशोरों द्वारा वीडियो बनाकर दहशत फैलाने की घटना से अभिभावकों में चिंता है।
