गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
दिलदारनगर (गाजीपुर) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वी जयंती पर देवल गांव स्थित बाबा कीनाराम मठ से विधायक सुनीता सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार की सुबह 11 बजे गांधी संकल्प यात्रा निकाली गई।
जासं, दिलदारनगर (गाजीपुर) : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर देवल गांव स्थित बाबा कीनाराम मठ से विधायक सुनीता सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार की सुबह 11 बजे गांधी संकल्प यात्रा निकाली गई। उन्होंने गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पूर्व उन्होंने मठ परिसर में पौधरोपण किया। यात्रा अमौरा होते हुए धनाड़ी पहुंची तो वहां भीम राम अंबेडकर की प्रतिमा पर विधायक सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया।
इसके बाद यात्रा खजुरी, अरंगी, पलिया, चुटहा आदि गांव से होते हुए नगर भ्रमण के बाद रामलीला मैदान में पहुंची तो आयोजनकर्ता बिट्टू चौबे ने स्वागत किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ता गांधी संकल्प यात्रा के तहत पदयात्रा कर गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। यह देशव्यापी पदयात्रा 30 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें स्वच्छता, एकल प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने का ग्रामीणों को संकल्प भी दिलाया जा रहा है। महात्मा गांधी का सपना स्वच्छ भारत का निर्माण करना था। हमें उनके सपनों को पूरा करना है। सभी लोगों का कर्तव्य है कि वे अपने घर व गांव की सफाई रखें। पालीथिन का प्रयोग कभी न करें, जिससे पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। यात्रा में बिजेंद्र राय, सुनील सिंह, बृजनंदन सिंह, विकास चौबे, रमाशंकर उपाध्याय, पंकज राय, विष्णु सिंह, बीके त्रिवेदी, गोपाल वर्मा, दिनेश प्रधान, रामानंद, ओपी श्रीवास्तव, अनिल यादव, मानवेंद्र, रुद्रा पांडेय, माया सिंह, ओपी राय आदि रहे।