वास्तविक आंकड़े आने पर वंचित वर्गों के अधिकार की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी : ओम प्रकाश राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने वंचित और पिछड़े वर्गों को आबादी के अनुपात में अधिकार देने की बात कही। उन्होंने आरक्षण ...और पढ़ें

जातिगत जनगणना से वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई होगी मजबूत: ओम प्रकाश राजभर।
HighLights
वंचित वर्गों को आबादी के अनुपात में अधिकार मिलने चाहिए।
आरक्षण और जातिगत जनगणना सामाजिक हिस्सेदारी के लिए आवश्यक।
गाजीपुर में एसटी प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, कासिमाबाद (गाजीपुर)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वंचित और पिछड़े वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार, अवसर और हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। आरक्षण और जातिगत जनगणना को सामाजिक हिस्सेदारी से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि वास्तविक आंकड़े सामने आने पर वंचित वर्गों के अधिकार की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।
बुधवार को शिवम मैरेज हाल में आयोजित अनुसूचित जनजाति आदिवासी संगोष्ठी में राजभर ने कहा कि अनुसूचित जनजाति के प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उन्होंने गाजीपुर जिले के सभी तहसीलदारों को एक स्थान पर बुलाकर शासनादेश के अनुसार पात्र लोगों के प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। पात्र लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए समाज को संगठित होना होगा। अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
राजभर ने आरक्षण और जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक आबादी और सामाजिक स्थिति के आंकड़े सामने आने जरूरी हैं। इससे यह तय करने में मदद मिलेगी कि किन वर्गों को कितनी हिस्सेदारी मिल रही है और कौन अब भी पीछे है।
