विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में जनरल वार्ड में तीन दिन भर्ती रही वृद्धा, जांच में स्वाइन फ्लू निकला

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 11 Sep 2026 07:08 PM (IST)

गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती 85 वर्षीय महिला में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) की पुष्टि हुई है। तीन दिन ...और पढ़ें

गाजीपुर में वृद्धा को स्वाइन फ्लू, तीन दिन जनरल वार्ड में रहने से बढ़ी चिंता।

गाजीपुर में वृद्धा को स्वाइन फ्लू, तीन दिन जनरल वार्ड में रहने से बढ़ी चिंता।

HighLights

  1. गाजीपुर में 85 वर्षीय महिला स्वाइन फ्लू (एच1एन1) पॉजिटिव पाई गईं।

  2. तीन दिन तक जनरल वार्ड में भर्ती रहने के बाद स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।

  3. गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए बीएचयू रेफर किया गया।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कालेज से संबद्ध अस्पताल में आठ सितंबर से जनरल वार्ड में भर्ती 85 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट स्वाइन फ्लू (एच1एन1) पाजिटिव आने से स्वास्थ्य महकमे में सतर्कता बढ़ गई है। जैतपुरा निवासी धनावती को सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और बुखार की शिकायत पर आठ सितंबर की दोपहर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

करीब तीन दिन तक उनका उपचार सामान्य मेडिसिन वार्ड में अन्य मरीजों के बीच चलता रहा। हालत बिगड़ने पर 10 सितंबर को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए शुक्रवार को उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू रेफर कर दिया गया।

धनावती को आठ सितंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे अस्पताल लाया गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और बुखार की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नई बिल्डिंग के तीसरे तल स्थित मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया। वहां पहले से करीब 25 मरीज उपचाराधीन थे।

10 सितंबर को सांस लेने में परेशानी बढ़ने और स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेडिसिन वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट किया गया। गंभीर होने पर स्वाइन फ्लू की आशंका में जांच कराई गई। चिकित्सकों ने बताया कि संक्रमण और गंभीर स्थिति को देखते हुए मरीज को ऐसे केंद्र पर भेजना जरूरी था जहां आइसोलेटेड आईसीयू और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। इसके बाद उन्हें बीएचयू के लिए रेफर किया गया।