मसीही समाज ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
गाजीपुर : जिले में महीनों से सुर्खियों में रहा धर्मांतरण मुद्दा दिन प्रतिदिन गरमाता जा रहा है। अब मसीही समाज के लोग प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर गए हैं।
जासं, गाजीपुर : धर्मांतरण का कथित मामला दिन-प्रतिदिन गरमाता जा रहा है। मसीही समाज के लोगों ने प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अपना प्रतिरोध सड़क पर उतरकर जताया है। सपा नेता विवेक ¨सह शम्मी के नेतृत्व में बुधवार को समाज के लोगों ने नगर में रैली निकाली। यह रैली चुंगी से निकलकर शास्त्री नगर चौराहा होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंची और सभा में तब्दील हो गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्व लामबंद होकर मसीही समाज के लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं। सभी ने शासन व प्रशासन से इस पर रोक लगाने की मांग की।
रैली में शामिल लोगों ने कतार में चलते हुए 'यीशु भक्तों का उत्पीड़न बंद करो' जैसे नारे बुलंद किए। रैली का नेतृत्व कर रहे विवेक ¨सह ने कहा कि कुछ अराजक तत्व उनके साथ गाली-गलौज कर धमकाते हैं और प्रार्थना-सभा को बंद करा दे रहे हैं। प्रशासन भी इन्हीं के दबाव में काम कर रहा है। जनसभा में वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि मसीही समाज का उत्पीड़न बंद किया जाए। पूजा-पाठ तथा प्रार्थनाओं को सुचारू रुप से चलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रैली में रामअवध ¨बद, जगत मोहन एडवोकेट, हरेंद्र कुमार, अजीत, बाबी, माइकल, लालमोहर, राजेश कुमार आदि रहे।