महिला जनप्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद
जागरण संवाददाता गाजीपुर महिला सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन रविवार को प्रदेश की महिला ग्र
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : महिला सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन रविवार को प्रदेश की महिला ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य महिला जनप्रतिनिधियों से नारी शिक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिग के द्वारा संवाद किया। उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के द्वारा कोविड-19 से रोकथाम एवं बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निर्देशित किया।
कहा कि जनपद में नगर पालिका अध्यक्ष, ग्राम क्षेत्र पंचायत सदस्य जो चुनौतियों का सामना करते हुए बेहतर कार्य कर रही हैं। सुझाव दिया कि अपने वार्ड मेंबरों के साथ उनके वार्ड का भ्रमण करें तथा वहां की समस्याओं को निराकरण करें। आह्वान किया कि जब तक कोई कोराना वायरस की दवा या वैक्सीन नहीं आ जाती है तक तक लोगों को जागरूक करें तथा स्वच्छता अपनाएं। इसके लिए दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी के मूलमंत्र को अपनाएं। नियमित हाथों को धोने तथा सैनिटाइज करने से कोविड-19 से हम बच सकेंगे। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में सड़क नियमों के पालन के प्रति जागरुकता अभियान चलाने के लिए भी निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपने गांव में पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करें। सुबह शाम लोगों को भजन एवं देश भक्ति गीत सुनाई जाए। इसके साथ ही इसका उपयोग किसी विशेष बैठक या कार्यक्रम के लिए कार्यक्रम स्थल पर बुलाए जाने के लिए, जानकारी देने के लिए किया जा सकता है। जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि इस अभियान की साप्ताहिक समीक्षा की जाये। इस दौरान जिलाधिकारी एमपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्त, जनपद नोडल अधिकारी अर्चना गहरवार सदस्य राज्य महिला आयोग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीआईओ एनआईसी, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, शशि कला उपाध्याय ग्राम प्रधान क्यामपुर, लक्ष्मी पांडेय, ग्राम प्रधान ईशुपुर, संजू सिंह ग्राम प्रधान डढवल, माधुरी यादव ब्लाक प्रमुख विकास खंड देवकली आदि थीं।