दुर्व्यवस्था देख सीडीओ ने जताई नाराजगी
भांवरकोल (गाजीपुर) मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता शनिवार को ब्लाक स्थित धान क्रयकेंद्र तथा निराश्रित गोवंश आश्रयस्थल का औचक निरीक्षण किया।
जासं, भांवरकोल (गाजीपुर) : मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने शनिवार को ब्लाक स्थित धान क्रयकेंद्र तथा निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। दोनों ही स्थानों की दुर्व्यवस्था देख नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी रामविलास यादव को परिसर में संचालित होने वाले सभी विभागों पर भी स्वयं नजर रखने का निर्देश दिया। गंगा यात्रा मार्ग व इसके स्वागत के लिए बनाए जाने वाले स्वागत द्वार स्थलों, सीमा के पास रसूलपुर, मिर्जाबाद चट्टी गए।
ब्लाक परिसर स्थित निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल पहुंचे। मवेशियों द्वारा चारा न खाए जाने पर पशु चिकित्साधिकारी डा. सचिन कुमार सिंह से आवश्यक पूछताछ की। स्थल पर गंदगी देख मौके पर मौजूद जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने एडीओ पंचायत शेषनाथ यादव को व्यवस्था दुरूस्त करने का निर्देश दिया। साधन सहकारी समिति सुखडेहरा धान क्रयकेंद्र गए तो यहां केंद्र प्रभारी हिमांशु प्रधान मौजूद नहीं रहे। अभिलेखों का अवलोकन किया। जिसमें अद्यतन न रखने पर नाराजगी जताते हुए उसे हर हाल में अद्यतन करने का निर्देश दिया। एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता आदि रहे।