मगई नदी का बहाव रोकने पर 18 पर केस, छह गिरफ्तार
जागरण संवाददाता करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर) मगई नदी का बहाव रोककर मछली मारने के मामले में मत्स्य पालन अधिकारी चंद्रभान राम ने शुक्रवार को 1
जागरण संवाददाता, करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर) : मगई नदी का बहाव रोककर मछली मारने के मामले में मत्स्य पालन अधिकारी चंद्रभान राम ने शुक्रवार को 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। रात में ही पुलिस ने दबिश देकर सोनवानी गांव के मनन राय, विमलेश बिद, राम व्यास बिद, बिदवलिया रामगढ़ के सूबेदार बिद, गुलाब बिद व रूपचंद्र बिद को नदी किनारे से गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य की तलाश की जा रही है।
मछुआरों ने मगई नदी में जगह-जगह अवरोधक बना दिया है। इसके चलते पानी का बहाल रुक गया है। आगे की तरफ पानी न जाने से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। सवना से लेकर महेंद गांव तक करीब 25 किलोमीटर बाढ़ की स्थिति हो गई है। इससे हजारों बीघा फसल डूबकर बर्बाद हो गई। आगे की खेती पर भी संकट मंडराने लगा है। इसके विरोध में किसानों ने बीते गुरुवार को लट्ठूडीह के पास गाजीपुर-बलिया मुख्य मार्ग पर रास्ता जाम कर दिया था। उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने मय फोर्स के साथ दो दिनों तक अवरोधक को हटवाने का प्रयास किया। इसके बावजूद अवरोधक न हटने पर उन्होंने यह कार्रवाई की। बताया कि महेंद, जगदीशपुर, सहाबुद्दीनपुर, जगदीशपुर, सोनवानी में लगे अवरोधक को हटा दिया गया है। शेष लोगों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।