65 की उम्र में भी कैप्टन बब्बन राम की रफ्तार बरकरार, नेशनल चैंपियनशिप में जीते दो मेडल
गाजीपुर के 65 वर्षीय सेवानिवृत्त कैप्टन बब्बन राम ने तमिलनाडु में आयोजित वेटरंस नेशनल चैंपियनशिप में दो पदक जीते। उनकी ...और पढ़ें

कैप्टन बब्बन राम ने नेशनल चैंपियनशिप में जीते दो मेडल।
HighLights
कैप्टन बब्बन राम ने दो राष्ट्रीय पदक जीते।
65 वर्ष की आयु में भी शानदार प्रदर्शन।
100 मीटर बाधा और रिले दौड़ में पदक।
जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर)। उम्र 65 वर्ष से पार, लेकिन हौसला और जज्बा युवाओं जैसा। सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन बब्बन राम ने तमिलनाडु में आयोजित पांचवीं वेटरंस स्पोर्ट्स एंड गेम्स नेशनल चैंपियनशिप में दो पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
रामपुर उर्फ साधोपुर गांव निवासी कैप्टन बब्बन राम ने 100 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य और 4×400 मीटर रिले दौड़ में रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चैंपियनशिप के 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में हिस्सा लेते हुए उन्होंने प्रतियोगिता के अंतिम दिन दोनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उनकी सफलता नियमित अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
सेना में सेवा के दौरान अनुशासन और शारीरिक चुस्ती को जीवन का हिस्सा बनाने वाले कैप्टन बब्बन राम ने सेवानिवृत्ति के बाद भी अपनी सक्रियता बनाए रखी। उन्होंने खेल के प्रति अपने जुनून को कम नहीं होने दिया और उम्र को अपनी राह की बाधा नहीं बनने दिया।
उनकी उपलब्धि बताती है कि नियमित अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति से किसी भी उम्र में लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।उनकी उपलब्धि युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को भी सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है।
