विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: 16 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 3 आरोपित गिरफ्तार

By Suryakant TripathiEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 28 Oct 2026 03:08 PM (IST)

गाजीपुर पुलिस ने वाहन चोरों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके ...और पढ़ें

गाजीपुर में पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 16 बाइकें बरामद और 3 आरोपी दबोचे।

गाजीपुर में पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 16 बाइकें बरामद और 3 आरोपी दबोचे।

HighLights

  1. गाजीपुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया।

  2. तीन आरोपी गिरफ्तार, उनके पास से 16 चोरी की बाइकें मिलीं।

  3. आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों से वाहन चुराकर पुर्जे बेचते थे।

जागरण संवाददाता गाजीपुर। जिले में पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्वाट टीम और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार की मध्यरात्रि को मुखबिर से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 15 साबुत मोटरसाइकिलें और 01 वाहन का कटा हुआ इंजन व अन्य पार्ट्स बरामद किए।

इसके साथ ही, पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर 3 मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रवेश राजभर (25), अतुल सिंह (29) और नीरज राजभर (26) के रूप में हुई है, ये तीनों सादात थाना क्षेत्र के ग्राम कटयां के रहने वाले हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक फायदे के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों से वाहन चोरी करते थे और फिर उनके पार्ट्स अलग-अलग काटकर बेच देते थे। बरामद की गई मोटरसाइकिलों में अधिकतर गाड़ियां स्प्लेंडर प्लस, सुपर स्प्लेंडर, बजाज एक्ससीडी और सीबीजेड एक्सट्रीम हैं। इन चोरी की बाइकों के संबंध में गाजीपुर के थाना कोतवाली, जंगीपुर, करण्डा, सैदपुर और जनपद वाराणसी के चौबेपुर थाने में पहले से ही छह मुकदमे पंजीकृत होने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने जंगीपुर थाने में अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी सुमित बालियान और जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश व टीम शामिल रहे।