श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशी में रंगी अयोध्या, गूंजे सोहर
जासं, गाजीपुर : अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से बंदे वाणी विनायक आदर्श रामलीला म
जासं, गाजीपुर : अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से बंदे वाणी विनायक आदर्श रामलीला मंडल अयोध्या के कलाकारों द्वारा बुधवार को आगाज हुआ। वेद मंत्रोच्चारण के साथ धनुष मुकुट पूजन व आरती कर रामलीला का शुभारंभ हुआ तो आस्था उफान पर थी। पूजन के बाद श्रीराम चबूतरा पर आकर्षक मंच पर रामलीला मंडल के कलाकारों ने नारद मोह व श्रीराम जन्म लीला का मंचन कर भव्य तैयारी का बेहतरीन नमूना पेश कर भाव विह्वल कर दिया। इस दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
एक बार नारद परिक्रमा के दौरान अपने मन की गति को रोककर श्रीहरि विष्णु के ध्यान में करके हिमालय के कन्दरा में समाधिष्थ हो गए। इंद्र ने कामदेव को देवर्षि नारद कीे समाधि को भंग करने का आदेश दिया। तमाम कोशिश के बावजूद असफल कामदेव नारद के चरणों में गिर गये। कामदेव को जीतने के बाद नारदजी को अभिमान हो जाता है। वे अपने अभिमान को भगवान शिव, ब्रह्मा जी को भी कामदेव पर विजय पाने का जिक्र अभिमान के साथ किया। इस लीला के बाद मंडल के कलाकारों ने राम चबूतरा के मंच पर श्रीराम जन्म लीला का मंचन किया। पुत्र प्राप्ति की कामना के लिए राजा दशरथ अपने दरबार में कुलगुरू वशिष्ट के आदेशानुसार श्रृंगि ऋषि को बुलाकर पुत्र कामेस्टि यज्ञ का आयोजन करते हैं। इसके बाद तीनों रानियों को चार पुत्रों की प्राप्ति होती है। इस पर अयोध्या में खुशियों की लहर दौड़ जाती है। अयोध्या के सभी नर नारियों ने राम जन्म के अवसर पर सोहर एवं मांगलिक गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर एसडीएम सत्यप्रिय सिंह, चेयरमैन सरिता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अध्यक्ष दीना नाथ गुप्ता, उपाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उपमंत्री पं. लव कुमार त्रिवेदी, बड़े महाराज, मेला प्रबंधक वीरेश राम वर्मा आदि थे।