क्रय केंद्र खोलने में मनमानी, किसान परेशान
जागरण संवाददाता लौवाडीह (गाजीपुर) धान क्रय केंद्र खोलने में एक बार फिर लौवाडीह न्याय पंच
जागरण संवाददाता, लौवाडीह (गाजीपुर): धान क्रय केंद्र खोलने में एक बार फिर लौवाडीह न्याय पंचायत की अनदेखी की गई है। इस न्याय पंचायत में एक भी क्रय केंद्र न खुलने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान स्वयं को लोग उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इस न्याय पंचायत में मुर्तजीपुर, हेमराजपुर, जोगामुसहिब, रेड़मार, पारो, सवितापुर, चांदपुर, बेलेसड़ी, मलसा, मलिकपुरा आदि गांव आते हैं। आसपास के देवरिया, सोनाड़ी, मर्गुपुर आदि गांव भी शामिल हैं, जिनसे क्रय केंद्र की दूरी 14 किलोमीटर से अधिक है। अधिकारियों की मनमानी के चलते किसान न तो अपना नंबर लगा पाते हैं और न ही केंद्र पर धान ले जा पा रहे हैं। इसका लाभ बिचौलिये उठा रहे हैं। ऐसे में औने-पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर हैं। सबसे बड़ी विडंबना है कि स्थानीय गांव में सहकारी समिति भी है। इसके बावजूद यहां क्रय केंद्र न खुलना समझ से परे है। पूर्व में यहां क्रय केंद्र खुलता रहा है लेकिन इस सरकार में ऐसा नहीं हो रहा है। इस क्षेत्र के किसान सब्जी के बजाय धान और गेहूं की खेती अधिक करते हैं। किसान धनंजय राय, मनोज राय, अनिल राय, आशुतोष राय, देवेंद्र यादव, मनोज राय आदि ने इस क्षेत्र में अविलंब क्रय केंद्र खोलने की मांग की है अन्यथा वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।