मुख्तार अंसारी को बचा रही पंजाब सरकार
मुहम्मदाबाद की भाजपा विधायक व कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पत्र लिखकर पंजाब सरकार पर मुख्तार अंसारी को बचाने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : मुहम्मदाबाद की भाजपा विधायक व कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पत्र लिखकर पंजाब सरकार पर मुख्तार अंसारी को बचाने का आरोप लगाया है। अलका ने पत्र में लिखा है कि कई मामलों में वांछित मुख्तार को जेल से पेशी के लिए यूपी नहीं भेजना यही दर्शाता है कि उसे बचाया जा रहा है। अलका का यह पत्र इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वहीं प्रियंका के जवाब का अब अलका को इंतजार है।
पत्र में अलका ने लिखा है कि, आदरणीय महोदया, सादर नमस्कार, मेरा नाम अलका राय है, मैं विधवा हूं और विगत 14 वर्षों से मैं अपने पति व विधायक रहे स्व. कृष्णानंद राय की नृशंस हत्या के विरुद्ध इंसाफ की लड़ाई लड़ रही हूं, लेकिन उस जुल्मी के खिलाफ आज आपके पार्टी और पंजाब राज्य में आपकी सरकार खुला संरक्षण दे रही है। उत्तर प्रदेश की तमाम अदालतों से मुख्तार को तलब किया जा रहा है, परंतु पंजाब सरकार उसे उत्तर प्रदेश भेजने को तैयार नहीं है। हर बार कोई बहाना बना दिया जाता है। यह शर्मनाक है कि आपकी पार्टी और उसके नेतृत्व की सरकार मुख्तार अंसारी जैसे अपराधी के साथ खुलकर खड़ी है। कोई भी यह स्वीकार नहीं करेगा कि यह सब कुछ आपकी और राहुल की जानकारी के बगैर हो रहा है। मुख्तार अंसारी पेशेवर अपराधी है और उसने तमाम निर्दोषों की बेरहमी से हत्या की है। हर पीड़ित को उस क्षण की प्रतीक्षा है जब मुख्तार जैसे अपराधी को उसके किए की कड़ी सजा मिलेगी। अलका ने प्रियंका को पत्र में लिखा है कि आप खुद भी एक महिला हैं, ऐसे में आपसे विनम्रता से सवाल है कि आप ऐसा क्यों कर रही हैं, क्या आपको हम जैसी अबलाओं का दर्द नहीं दिख रहा। मेरी खुद की कहानी इस बात का प्रमाण है कि कैसे कानून का मजाक उड़ाकर मुख्तार वर्षों से सुरक्षित बचा हुआ है। मीडिया के माध्यम से मुझे पता चला कि उत्तर प्रदेश से गाड़ियां मुख्तार अंसारी को लेने गईं लेकिन पंजाब सरकार ने उसे बचाने के लिए तीन महीने का बेड रेस्ट दे दिया। आज प्रदेश की जनता के मन में यह कौतूहल है कि मुख्तार को लेकर उठ रहे तमाम सवालों पर प्रियंका और राहुल खामोश क्यों हैं। मुझे आप के जवाब का इंतजार रहेगा।