39 ट्रकों का चालान, 27.96 लाख का लगा जुर्माना
गाजीपुर एआरटीओ राम सिंह ने शुक्रवार और शनिवार की भोर में सघन चेकिग अभियान चलाते हुए ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने 39 ट्रकों का चालान करने के साथ ही 27.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जासं, गाजीपुर : एआरटीओ राम सिंह ने शुक्रवार और शनिवार की भोर में सघन चेकिग अभियान चलाते हुए ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने 39 ट्रकों का चालान करने के साथ ही 27.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एआरटीओ के चेकिग के दौरान ट्रक चालकों में अफरा-तफरी मची हुई है। वहीं बहुत से ट्रक चालक इधर-उधर अपनी गाड़ी लगाकर फरार हो गए।
गहमर थाना क्षेत्र के देवल में कर्मनाशा नदी पर बने पुल से होते हुए बिहार की गाड़ियां जिले में प्रवेश करती हैं। एआरटीओ राम सिंह को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी बिहार से ओवरलोड वाहन इस पुल से होकर जिले में प्रवेश कर रही हैं। इस पर एआरटीओ शुक्रवार की भोर में करीब तीन बजे अचानक देवल पुल पहुंच गए। अपने हमराहियों संग एक-एक ट्रकों को चेक करना शुरू कर दिया। इस दौरान 18 ट्रकों का चालान कर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। सुबह आठ बजे तक एआरटीओ देवल में चेकिग करते रहे। अगले दिन शनिवार को भी भोर में एक बार फिर से पहुंच गए और 21 वाहनों का चालान कर 15.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। लगातार दो दिनों तक एआरटीओ की चेकिग से ट्रक मालिकों व चालकों में खलबली मची हुई है। वहीं सघन चेकिग अभियान की डर से बहुत से ट्रक चालक बिहार में ही जगह-जगह खड़े हो गए हैं। बताया कि यह अभियान आगे भी चलता रहेगा।
-
शुक्रवार व शनिवार की भोर में देवल में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन चेकिग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 39 ट्रकों का चालान करने के साथ ही 27.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह अभियान आगे भी चलता रहेगा।
- राम सिंह, एआरटीओ।