गाजीपुर में गीली मिट्टी में धंस गया 308 पहियों वाला मेगाट्रक, टीम के सामने आई बड़ी मुसीबत, आगे बढ़ना हो गया मुश्किल
गाजीपुर के डांडीकला टोल प्लाजा पर 200 टन वजनी औद्योगिक बॉयलर ले जा रहा 308 पहियों वाला मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक ...और पढ़ें

गाजीपुर में 308 पहियों वाला विशाल ट्रक गीली मिट्टी में फंसा, बॉयलर ले जाने में चुनौती।
HighLights
308 पहियों वाला ट्रक गाजीपुर टोल प्लाजा पर फंसा।
200 टन वजनी औद्योगिक बॉयलर ले जा रहा था।
गीली मिट्टी के कारण रास्ता पार करना मुश्किल हुआ।
जागरण संवाददाता, मरदह (गाजीपुर)। 200 टन से अधिक वजन और करीब 100 फीट लंबे औद्योगिक बॉयलर को लेकर चल रहा 308 पहियों वाला मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक सोमवार को बिरनो के डांडीकला टोल प्लाजा पर पहुंचकर रुक गया।
टोल पार कराने के लिए दोपहिया वाहनों के लिए बनी किनारे की लेन को तोड़कर मिट्टी डालकर रास्ता बनाया गया है, लेकिन मिट्टी गीली होने के कारण ट्रक आगे नहीं बढ़ सका। सोमवार को गिट्टी डालकर रास्ता मजबूत करने के बाद इसे टोल पार कराने की तैयारी की गई।
सोमवार को देवकठिया से चला ट्रक करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय कर टोल से पहले रुक गया। वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर ग्रीन फील्ड हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे से वाहन के नहीं निकल पाने के कारण उसे ऊपर से पार कराने में काफी समय लगा।
ट्रक को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही सड़क किनारे भीड़ लगी रही। लोग मोबाइल से फोटो, वीडियो और रील बनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर भी ट्रक के पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहे हैं।
बेल्जियम से समुद्र के रास्ते भारत पहुंचा यह बॉयलर बलरामपुर चीनी मिल के एथेनॉल प्लांट तक पहुंचाया जाना है। अत्यधिक वजन के कारण ट्रक प्रतिदिन करीब 20 से 30 किलोमीटर ही चल पा रहा है। हालांकि सोमवार को काफी कम ही चला। रास्ते में बिजली के तार और फुट ओवरब्रिज समेत अन्य बाधाओं को अस्थायी रूप से हटाना पड़ रहा है।
