100 वाहनों का चालान, वसूला गया 3.50 लाख जुर्माना
गाजीपुर एआरटीओ राम सिंह ने गुरुवार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिग अभियान चलाया। इसको लेकर पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मिलकर 100 वाहनों का चालान किया वहीं 3.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
जासं, गाजीपुर : एआरटीओ राम सिंह ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिग अभियान चलाया। इसको लेकर पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मिलकर 100 वाहनों का चालान किया, वहीं 3.50 लाख रुपये जुर्माना वसूला। वाहन चालकों पर हुए इस जबरदस्त कार्रवाई से सहमे ज्यादातर लोगों ने अपना रास्ता बदल लिया।
एआरटीओ प्रशासन व यातायात पुलिस द्वारा सीट बेल्ट व हेलमेट को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का तमाम लोगों पर असर नहीं हो रहा है। दिशा निर्देश के बावजूद लोग बिना हेलमेट के फर्राटा भर रहे हैं। इसको देखते हुए एआरटीओ राम सिंह पीटीओ मनोज कुमार को लेकर स्वयं सड़क पर उतर गए। पूरे दलबल के साथ फतेउल्लाहपुर, सहेड़ी व देवकठियां में चेकिग की। रास्ते से बिना हेलमेट व सीट बेल्ट लगाए वाहन चालकों को रोक कर चालान करने के साथ जुर्माना वसूला गया। लोगों ने बचने के लिए लाख प्रयास किया, लेकिन किसी की एक न चली। एआरटीओ के सघन अभियान से संबंधित क्षेत्रों में खलबली मच गई। एआरटीओ ने यातायात नियमों का पालन न करने वाले सभी को चेताया है कि अगर वह पकड़े जाएंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। ---
फतेउल्लाहपुर, सहेड़ी व देवकठियां में चेकिग अभियान चलाकर 100 वाहनों का चालान किया गया। वहीं 3.50 लाख जुर्माना वसूल किया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगर किसी ने भी यातायात के नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
- राम सिंह, एआरटीओ।