टूटी बल्ली पर लटकते तार, हादसों को दे रहे न्यौता
संवाद सहयोगी लोनी नगर पालिका परिषद की राहत एंकलेव कॉलोनी के खाली प्लॉट में दीवार के
संवाद सहयोगी, लोनी: नगर पालिका परिषद की राहत एंकलेव कॉलोनी के खाली प्लॉट में दीवार के सहारे रखी टूटी बल्ली पर लटकते तारों से लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि बरसात के दौरान दीवार में करंट उतरने से बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों से गलियों में खंभे लगवाने की मांग की है।
नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 20 की राहत एंक्लेव कॉलोनी निवासी इकबाल अंसारी ने बताया कि सहायक गलियों में खंभे न होने से लोग बल्लियों के सहारे तार ले जाने का मजबूर है। आरोप है कि तारों के भार से बल्ली टूट गई है। जिसे लोगों ने खाली प्लॉट में दीवार के सहारे खड़ा किया हुआ है। बरसात के मौसम में लोगों को दीवार के सहारे रखी बल्ली में लटकते तारों से करंट आने की आशंका है। लोगों ने कई बार शिकायत कर बिजली निगम के अधिकारियों से खंभे लगवाने की मांग की है। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होने से लोगों में बिजली निगम के अधिकारियों के प्रति रोष है। अधिशासी अभियंता रमेश कृष्नानी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। कर्मचारियों को टूटी बल्ली को बदलने के निर्देश दिए गए है। कॉलोनी में नए खंभे और लाइन बिछाने के लिए आला अधिकारियों को पत्र लिखकर सूचित किया गया है। निर्देश मिलते ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।