संवाद सहयोगी, लोनी : आवास विकास परिषद मंडोला कार्यालय के बाहर तीनों कृषि कानून में संशोधन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ग्रीन बेल्ट में जेसीबी से गड्ढे खोदे थे। आविप के अवर अभियंता ने गड्ढे खोदने के आरोप में आठ नामजद समेत कुछ अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर महिलाओं ने भी सोमवार को सांकेतिक समाधि के लिए गड्ढों में लेटकर विरोध प्रकट किया।

--

रिपोर्ट कराई दर्ज : सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर आवास विकास परिषद के अवर अभियंता यूएस चौरसिया ने मनवीर तेवतिया, आरडी त्यागी, अमित त्यागी, रामनरेश त्यागी, बोबी त्यागी, महेंद्र त्यागी, नवीन गुप्ता, नीरज त्यागी व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि इन्होंने ग्रीन बेल्ट के 30 मीटर क्षेत्र में सांकेतिक समाधि के लिए 20 से अधिक गड्ढे खोदे थे। जिससे शांति भंग होने की संभावना थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

--

छह गड्ढों में बैठी 18 महिलाएं : प्रदर्शन कर रहे लोगों ने 21 गड्ढे खोदे थे। शुक्रवार रात अधिकारियों ने 15 गड्ढों को बंद करा दिया था। रविवार को 18 महिलाएं सांकेतिक समाधि के लिए गड्ढों में बैठी। विरोध कर रहे नीरज त्यागी ने बताया कि महिलाएं रात के समय धरना स्थल पर नहीं रहेंगी। वह सुबह से शाम तक विरोध प्रदर्शन में सहयोग करेंगी।

--

विधायक पहुंचे : सोमवार दोपहर धौलाना के विधायक असलम चौधरी मंडोला गांव पहुंचे। उन्होंने लोगों से बात-चीत की। उधर प्रसपा के एक कार्यकर्ता ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से फोन पर शिवपाल यादव से बात कराई। साथ ही 24 सितंबर को उनके मंडोला गांव पहुंचने की जानकारी दी।

--

लोगों ने नहीं थामे नोटिस : पुलिस सोमवार सुबह 11 लोगों के खिलाफ नोटिस लेकर धरना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि कानून व्यवस्था भंग करने पर 11 लोगों को 107/16 के तहत मुचलकों में पाबंद किया गया है। लेकिन लोगों ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया। जिसपर पुलिस बैरंग वापस लौट गई।

Edited By: Jagran