विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: रूस की भागीदारी से गाजियाबाद के निर्यातकों को बड़े ऑर्डर की उम्मीद

Published: Sat, 29 Aug 2026 01:22 PM (IST)

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-4.0 में गाजियाबाद के निर्यातकों को रूस की भागीदारी से बड़े विदेशी ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। ...और पढ़ें

आशुतोष सिंह, उपायुक्त उद्योग और डॉ नीरज सिंघल, निर्यातक एवं निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आइआइए। जागरण

आशुतोष सिंह, उपायुक्त उद्योग और डॉ नीरज सिंघल, निर्यातक एवं निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आइआइए। जागरण

HighLights

  1. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में रूस सहयोजक पार्टनर।

  2. गाजियाबाद के निर्यातकों को बड़े विदेशी ऑर्डर की उम्मीद।

  3. जिले के 83 में से अधिकांश स्टॉल पहले ही बुक।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-4.0 में इस बार गाजियाबाद के निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में होने वाले पांच दिवसीय ट्रेड शो में रूस सहयोजक पार्टनर देश होगा।

पिछले तीन संस्करणों में मिले सकारात्मक परिणाम के बाद इस बार प्रदेश सरकार ने आयोजन को और व्यापक स्तर पर सफल बनाने की तैयारी की है। जिले के लिए विभिन्न श्रेणियों में कुल 83 स्टॉल आरक्षित किए गए हैं, जिनमें से अधिकांश बुक हो चुके हैं।

विदेशी खरीदार भी शामिल

पिछले वर्ष प्रदेशभर से 2500 से अधिक निर्यातकों और एमएसएमई इकाइयों ने अपने उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद प्रदर्शित किए थे। आयोजन में तीन लाख से अधिक फुटफाल रहा था। इसमें विदेशी खरीदार भी शामिल हुए थे।

पांच दिवसीय प्रदर्शनी से निर्यातकों को करोड़ों रुपये के ऑर्डर मिले थे। इसका असर इस बार स्टॉल बुकिंग में भी दिखाई दे रहा है। जिले के लिए नवीन निर्यातकों के 30 स्टॉल आरक्षित किए गए थे, जो सभी बुक हो चुके हैं।

ओडीओपी उत्पादों के लिए 20 और महिला उद्यमियों के लिए आठ स्टॉल आरक्षित किए गए थे। इन दोनों श्रेणियों के सभी स्टॉल भी बुक हो चुके हैं।

वहीं नियमित निर्यातकों के लिए 25 स्टॉल आरक्षित हैं, जिनमें 12 बुक हो चुके हैं और 13 स्टॉल अभी शेष हैं। पिछले वर्ष गाजियाबाद की 200 से अधिक औद्योगिक इकाइयों और निर्यातकों ने विभिन्न सेक्टर के उत्पादों का प्रदर्शन किया था। इस बार भी जिले के उद्यमियों में ट्रेड शो को लेकर खासा उत्साह है।

विदेशी बाजार में पहचान बनाने का मौका

रूस की भागीदारी को इस बार ट्रेड शो का महत्वपूर्ण आकर्षण माना जा रहा है। गाजियाबाद के निर्यातकों के लिए यह अपने उत्पादों को विदेशी खरीदारों के सामने रखने और नए कारोबारी संपर्क बनाने का अवसर होगा। उद्यमियों को उम्मीद है कि प्रदर्शनी में बने कारोबारी संपर्क भविष्य में नियमित निर्यात कारोबार में बदल सकते हैं।

श्रेणी आरक्षित स्थिति
नवीन निर्यातक 30 सभी बुक
नियमित निर्यातक 25 12 बुक - 13 शेष
ओडीओपी 20 सभी बुक
महिला उद्यमी 08 सभी बुक
कुल 83 70 बुक - 13 शेष

7,500 रुपये प्रति वर्गमीटर में बुकिंग

जिन निर्यातक इकाइयों का एक्सपोर्ट-इंपोर्ट कोड (आइईसी) लाइसेंस एक अप्रैल 2022 से पहले का है, वे ट्रेड शो में स्टॉल बुक करा सकते हैं। स्टॉल की दर 7,500 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित है। न्यूनतम 12 वर्गमीटर का स्टॉल बुक करना होगा। बुकिंग की पूरी प्रक्रिया आनलाइन है। निर्यातक बुकिंग के लिए जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

25-29 सितंबर से पांच दिवसीय आयोजन
स्थान इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा
पार्टनर कंट्री रूस
गत वर्ष प्रदर्शक 2500 से अधिक
गत वर्ष फुटफॉल तीन लाख से अधिक
जिले की गत वर्ष की भागीदारी 200 से अधिक इकाइयां व निर्यातक
इस बार जिले के स्टॉल 83

एक निर्यातक के मुताबिक, पिछले ट्रेड शो में विदेशी खरीदारों तक सीधे पहुंच बनाने का अवसर मिला था। इस बार रूस के सहयोजक पार्टनर कंट्री होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबारी संपर्क बढ़ने की उम्मीद है। जिले के एमएसएमई के लिए यह अपने उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है। - डॉ. नीरज सिंघल, निर्यातक एवं निवर्तमान अध्यक्ष आइआइए

गाजियाबाद के लिए आरक्षित 83 स्टॉल में अधिकांश बुक हो चुके हैं। नवीन निर्यातक, ओडीओपी और महिला उद्यमियों के सभी आरक्षित स्टॉल फुल हैं। नियमित निर्यातकों के लिए 13 स्टॉल उपलब्ध हैं। पात्र निर्यातक आनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से स्टॉल बुक करा सकते हैं। - आशुतोष सिंह, उपायुक्त उद्योग