विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के 'प्रवेश द्वार' पर ही स्वागत के बजाय दिखा अधूरापन, क्यों 2.5 साल से बंद पड़ा है 1.33 करोड़ का प्रोजेक्ट?

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:30 AM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2026 07:06 AM (IST)

गाजियाबाद के यूपी गेट पर 1.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला प्रवेश द्वार बजट न मिलने के कारण ढाई साल से अधिक समय से अधूरा पड़ा है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. यूपी गेट पर प्रवेश द्वार निर्माण ढाई साल से अधूरा।

  2. 1.33 करोड़ की परियोजना को बजट का इंतजार है।

  3. ठेकेदार ने काम शुरू कर ढांचा खड़ा किया था।

शोभित शर्मा, साहिबाबाद। उत्तर प्रदेश के प्रवेश द्वार को बजट की दस्तक का इंतजार है और यह हाल-फिलहाल से नहीं बल्कि ढाई साल से ज्यादा का है।

ये एक ऐसी योजना की कहानी है, जिसे शासन से स्वीकृति मिली, टेंडर हुआ और ठेकेदार ने काम शुरू कराया लेकिन स्वीकृति के बाद से एक रुपया भी बजट का पीडब्ल्यूडी के पास नहीं आया। ठेकेदार ने 35 से 40 लाख रुपये लगाकर स्ट्रक्चर भी खड़ा कर दिया और जब भुगतान नहीं मिला तो काम को बंद दिया गया।

यूपी गेट पर दिल्ली या अन्य जगह से आने वाले लोगों को अच्छा फील कराने के लिए पीडब्ल्यूडी ने प्रवेश द्वार बनाने की योजना बनाई। इसका प्रस्ताव शासन से पास हुआ और टेंडर के बाद मौके पर ठेकेदार ने काम शुरू करा दिया।

1.33 करोड़ से बनने वाले प्रवेश द्वार के लिए ईंटों का ढांचा खड़ा कर दिया गया लेकिन इसे पूरा नहीं कराया जा सका। साल 2023 में शुरू हुआ काम अगले साल यानि 2024 तक पूरा किया जाना था।

काम बंद हुए ढाई साल से अधिक का समय हो गया है और आज भी बाहर से आने-जाने वाले लोग समझते हैं कि यहां उनका स्वागत करते हुए सुंदर गेट खड़ा होगा। अंतरराज्यीय सीमा को जोड़ने वाला प्रवेश द्वार अधूरेपन का दंश झेलते हुए काम पूरा होने का इंतजार कर रहा है।अधिकारी भी योजना को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

लोगों ने भी योजना पर उठाए सवाल

वैशाली के नजदीक यूपी गेट प्रमुख चौराहा भी है। गाजीपुर बार्डर से सटी उत्तर प्रदेश की सीमा यहां से शुरू होती है। इसके आसपास इंदिरापुरम, कौशांबी जैसे प्रमुख क्षेत्र हैं। इनमें रहने वाले लोगों ने भी सालों से बंद निर्माण और पीडब्ल्यूडी की योजना पर सवाल उठाए हैं।

वैशाली निवासी रजत ने बताया कि वह सालों से दिल्ली जाते और आते हैं। दो तीन साल से अधूरा बना गेट खड़ा है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को इसका निर्माण पूरा करना चाहिए। इससे 100 मीटर आगे ही एलिवेटेड रोड की शुरुआत वाले प्वाइंट पर नगर निगम ने सुंदर रामसेतु का निर्माण कराया है।

योजना में बजट न आने की वजह से काम बंद है। बजट के लिए मुख्यालय को लगातार पत्राचार किया जाता है। कोशिश रहेगी की यूपी गेट के प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य जल्द पूरा करा दिया जाए।
- रामराजा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी