अनलॉक में बढ़ी संक्रमण की गति, लापरवाही पड़ सकती है भारी
संवाद सहयोगी मोदीनगर लॉकडाउन में रुकी कोरोना की रफ्तार अब अनलॉक में तेज हो गई है।
संवाद सहयोगी, मोदीनगर :
लॉकडाउन में रुकी कोरोना की रफ्तार अब अनलॉक में तेज हो गई है। जनपद में रोजाना बड़ी संख्या में पॉजिटिव केस आ रहे हैं। शहर भी इसमें पीछे नहीं है। रोजाना पांच से छह नए मामले सामने आ रहे हैं। इसके पीछे की वजह केवल लापरवाही ही है। कोविड-19 के नियमों को ताक पर रखकर शहर में व्यापारिक गतिविधियां चल रही हैं। यदि अभी भी लोग नहीं संभले तो स्थिति काबू से बाहर हो सकती है। यह समझाने के लिए सरकार, स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन बार-बार लोगों से अपील कर रहा है। लेकिन गाइडलाइन का जमकर उल्लंघन हो रहा है।
करीब एक महीने पहले अनलॉक शुरू हुआ। जिसमें प्रतिष्ठान, सरकारी कार्यालय समेत अन्य स्थानों को खोलने की अनुमति दी गई। लॉकडाउन में थमने वाली व्यापारिक गतिविधियां भी पटरी पर आने लगी। सरकार ने अनलॉक करते हुए बहुत सी गाइडलाइन भी जारी की थी। जिनका उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों के दौरान संक्रमण की रफ्तार को रोकना था। लेकिन आज इनका पालन बहुत कम हो रहा है। यही कारण रहा कि एक महीने से लगातार कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ा है।
ऐसे में संक्रमण द्वारा बरती जा रही लापरवाही के परिणाम भविष्य में भयानक हो सकते हैं। इसलिए लोगों को अभी से सतर्क होने की आवश्यकता है। मोदीनगर सीएचसी के प्रभारी डॉ. कैलाश चंद का कहना है कि मोदीनगर में आठ से ज्यादा गलियां सील हैं। इस समय रैपिड कोरोना टेस्टिंग चल रही है। जिसके चलते रोजाना कई मरीजों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ रही है। कोविड अस्पताल भी फुल होने की कगार पर हैं। ऐसे में लोगों को अपनी सावधानी स्वयं ही करनी होगी।
सावधानी ही बचाव है, करें पालन
- बिना मास्क के घर से न निकलें।
- बेवजह बाजारों में न टहलें।
- यात्राओं पर जाने से बचें।
- किसी वस्तु के स्पर्श के बाद हाथ सैनिटाइज करें।
- शारीरिक दूरी के नियम को न भूले।
- भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें।