महिला पर हमले के दोनों आरोपित नौकर गिरफ्तार
साठे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के मालिक की पत्नी पर जानलेवा हमला लूट के विरोध के चलते किया गया था। थाना कविनगर पुलिस ने 24 घंटे में मामले का पर्दफाश कर आरोपित दोनों नौकर गिरफ्तार कर लिए हैं जबकि एक अन्य आरोपित फरार है। आरोपितों से पुलिस ने करीब 40 लाख की रिकवरी की है जिसमें 9.0
जासं, गाजियाबाद : साठे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के मालिक की पत्नी पर जानलेवा हमला लूट के विरोध के चलते किया गया था। थाना कविनगर पुलिस ने 24 घंटे में मामले का पर्दाफाश कर आरोपित दोनों नौकर गिरफ्तार कर लिए हैं, जबकि एक अन्य आरोपित फरार है। आरोपितों से पुलिस ने करीब 40 लाख की रिकवरी की है, जिसमें 9.08 लाख रुपये, 30 लाख रुपये से अधिक के गहने व मोबाइल शामिल है।
बता दें कि राजनगर सेक्टर 11 निवासी राजीव मोहन गुप्ता की पत्नी राजबाला को शनिवार दोपहर बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनको 22 टांके आए थे। बेटे सचिन ने बिहार के मधुबनी निवासी अपने नौकर राजू और गोविद उर्फ सोनू समेत तीन लोगों पर लूट के प्रयास और मां पर जानलेवा हमले का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एफआइआर में मां के मोबाइल के गायब होने की बात लिखी थी। हालांकि बाद में घर से ज्वैलरी व नकदी के गायब होने की भी जानकारी मिली थी। अब राजबाला की तबीयत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार ने बताया कि राजू व सोनू को रविवार शाम एएलटी रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपित सालों से यहां काम कर रहे थे। इन्हें घर के बारे में पूरी जानकारी थी। इसीलिए साजिश रचकर उस समय वारदात की, जब वह घर पर अकेली थीं। वारदात से पहले आरोपितों ने सीसीटीवी कैमरों को भी बंद कर दिया था। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। राजबाला के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।