ट्रोनिका सिटी में बिजली आपूर्ति सुधरेगी, यूपीसीडा ने PVVNL को सौंपे दो नए उपकेंद्र
यूपीसीडा ने ट्रोनिका सिटी के सेक्टर ए-1 और डी-1 में 10 एमवीए के दो विद्युत उपकेंद्र पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को सौंप दिए हैं।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
यूपीसीडा ने ट्रोनिका सिटी में दो नए उपकेंद्र पीवीवीएनएल को सौंपे।
10 एमवीए क्षमता वाले ये उपकेंद्र बिजली कटौती से राहत देंगे।
औद्योगिक इकाइयों और निवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
संवाद सहयोगी, लोनी। यूपीसीडा ने बुधवार को ट्रोनिका सिटी क्षेत्र स्थित सेक्टर ए-1 और डी-1 में नवनिर्मित 33/11 केवीए के 10 एमवीए के दो विद्युत उपकेंद्रों को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को सौंपा है।
नए विद्युत उपकेंद्रों के चालू होने से ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों व रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को ओवरलोडिंग के चलते होने वाली बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी।
ट्रोनिका सिटी में उद्यमियों व रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को ओवरलोडिंग के चलते बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ता था।
यूपीसीडा परियोजना अधिकारी शर्मिला पाटिल ने बताया कि विद्युत उपकेंद्रों को बनाने के बाद चार्जिंग और लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया गया परीक्षण
प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूपीसीडा, विद्युत निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों उपकेंद्रों पर विद्युत भार डालकर उनका परीक्षण किया गया।
सभी तकनीकी परीक्षण सफल रहने के बाद संबंधित अधिकारियों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर उपकेंद्रों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि उपकेंद्रों का संचालन और नियंत्रण पीवीवीएनएल के पास रहेगा।
उन्होंने बताया कि नए विद्युत उपकेंद्रों के शुरू होने से क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। साथ ही वोल्टेज की समस्या में भी सुधार होगा।
बिजली आपूर्ति बेहतर होने से औद्योगिक इकाइयों की उत्पादकता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना को यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों और औद्योगिक क्षेत्र के विकास की दृष्टि से पूरा किया गया है।
