रैपिड रेल निर्माण कार्य के चलते हाईवे में रहा जाम
संवाद सहयोगी मोदीनगर मुरादनगर क्षेत्र में चल रहे रैपिड रेल निर्माण कार्य के चलते बुधवार
संवाद सहयोगी, मोदीनगर :
मुरादनगर क्षेत्र में चल रहे रैपिड रेल निर्माण कार्य के चलते बुधवार को हाईवे में पांच घंटा जाम लगा रहा। जाम के दौरान हाईवे पर दुहाई से लेकर गाजियाबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन तक करीब छह किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गई। जाम के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रैपिड रेल निर्माण के चलते एनसीआरटीसी के हाईवे के बीच में बैरिकेटिग के माध्यम से निर्माण कार्य के लिए अतिरिक्त स्थान बनाया हुआ है। इसके चलते दोनों ओर से हाईवे का आकार संकरा हो गया। ऐसे में वाहनों को दबाव बढ़ने पर जाम के हालात पैदा हो जाते हैं। बुधवार को भी दोपहर को 12 बजे से 4 के बीच हाईवे पर जाम लगा रहा। मेरठ की तरफ भी यही हालात रहे। जाम के दौरान गाजियाबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन से लेकर दुहाई तक दिल्ली की ओर जाने वाले हिस्से में छह किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गई। जाम के दौरान राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान महत्वपूर्ण कटों पर पुलिसकर्मी नदारद दिखाई पड़े।
गौरतलब है कि इन दिनों मुरादनगर में भी कई स्थानों पर हाईवे के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते हाईवे के किनारे खोद दिए गए हैं। हाईवे के किनारे खोद गए गड्ढे भी जाम का कारण बनते हैं। थाना प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि रैपिड रेल निर्माण के चलते बीच के कई महत्वपूर्ण कट बंद हो गए हैं। इससे सड़क पार करने के लिए लोग कई बार विपरीत दिशा में घूमकर जाते हैं परिणामस्वरूप जाम के हालात पैदा हो जाते हैं। पीक ऑवर्स में जाम से बचने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। - मोदीनगर में भी शाम को लगा जाम
शाम को वाहनों का दबाव बढ़ने पर 4 से 7 के बीच मोदीनगर में हाईवे पर जाम लगा। जाम के दौरान राजचौपले से लेकर महेंद्रपुरी कट व मोदी मंदिर से लेकर सौंदा रोड तक वाहनों की कतारें लग गईं। मोदीनगर में राजचौपले से लेकर महेंद्रपुरी कॉलोनी गेट तक चल रहा चौड़ीकरण भी जाम का प्रमुख कारण बनता है। जाम से बचने के लिए बहुत से वाहन चालक निवाड़ी रोड से होते हुए गंगनहर मार्ग के लिए डायवर्ट हो गए। शाम को आठ बजे के बाद ही जाम की हालात में सुधार हो सका।