हुक्का बार में मिले नाबालिग, संचालक गिरफ्तार
शहर में तंबाकू पिलाने वाले हुक्का बार और देह व्यापार में लिप्त स्पा सेंटरों पर कार्रवाई का अभियान जारी है। शनिवार रात पुलिस ने कविनगर थानाक्षेत्र के आरडीसी में एक हुक्का बार पर दबिश देकर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बार में नाबालिगों को हुक्का पिलाया जा रहा था। साथ ही नियमों के विरुद्ध बार में तंबाकू भी मिली। पुलिस ने बार पर ताला लगा आरोपित को जेल भेज दिया है।
जासं, गाजियाबाद: शहर में तंबाकू पिलाने वाले हुक्का बार और देह व्यापार में लिप्त स्पा सेंटरों पर कार्रवाई का अभियान जारी है। शनिवार रात पुलिस ने कविनगर थानाक्षेत्र के आरडीसी में एक हुक्का बार पर दबिश देकर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बार में नाबालिगों को हुक्का पिलाया जा रहा था। साथ ही नियमों के विरुद्ध बार में तंबाकू भी मिली। पुलिस ने बार पर ताला लगा आरोपित को जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र ने बताया कि हुक्काबार व स्पा सेंटरों को लेकर पूर्व में कई शिकायतें मिली थीं। इनके ²ष्टिगत यह अभियान पुलिस ने चलाया हुआ है। आरडीसी में गौड़ मॉल के पास ला बेंबो नाम के हुक्का बार में तंबाकू के प्रयोग और नाबालिगों को हुक्का पिलाने की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर राजनगर सेक्टर-3 चौकी प्रभारी अरविद शर्मा के नेतृत्व में शनिवार रात पुलिस की एक टीम ने हुक्का बार पर दबिश दी। मौके पर तीन लोग हुक्का पीते हुए मिले, जिनमें नाबालिग भी थे। नेहरूनगर निवासी सुबोध नागर यह हुक्का बार चला रहा था, जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। एसआइ अरविद शर्मा ने बताया कि बार से तंबाकू के पांच पैकेट के अलावा हुक्का, पाइप, क्वॉइल, कोयला व कई फ्लेवर भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले आरडीसी में चार हुक्का बार इसी तरह बंद कराए जा चुके हैं। सुबोध को जेल भेजकर पुलिस ने हुक्का बार पर अस्थायी रूप से ताला लगा दिया है। एसपी सिटी का कहना है कि इस संबंध में प्रशासन को भी रिपोर्ट दी गई है ताकि हुक्काबार पर सील लगाई जा सके।