दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, आगजनी की कोशिश
जागरण संवाददाता, लोनी : रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में शनिवार रात दो पक्षों के बीच झगड़
जागरण संवाददाता, लोनी :
रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में शनिवार रात दो पक्षों के बीच झगड़े में जमकर लाठी डंडे चले। आरोप है कि एक बाइक में आगजनी का प्रयास भी किया गया। हालांकि, पुलिस ने आगजनी की घटना से इन्कार किया है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
खानपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में किराने की दुकान है। रात में गढ़ी कटैया गांव निवासी एक युवक सामान लेने के लिए पहुंचा था। जहां दोनों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद युवक ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। अन्य युवकों के मौके पर पहुंचने पर करीब आधा घंटे तक दोनों पक्षों में जमकर लाठी पत्थर चले। झगडे़ के दौरान वहां खडी एक बाइक में आगजनी का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दोनों पक्षों के लोग भाग गए।
सीओ दुर्गेश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के पास धार्मिक संगठन के एक पदाधिकारी का ऑफिस है। उन्होंने तहरीर देकर खुद की जान को खतरा बताया है। उनका आरोप है कि झगडे़ के दौरान उनके ऑफिस को निशाना बनाकर पथराव किया गया। सीओ ने उनके आफिस के शटर पर पत्थर के निशान होने से इन्कार किया है।