घर में घुसकर महिला से चेन लूट ले गया बदमाश
जागरण संवाददाता साहिबाबाद साहिबाबाद थाना क्षेत्र में लुटेरों का आतंक बढ़ता जा रहा है
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :
साहिबाबाद थाना क्षेत्र में लुटेरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बुधवार को शालीमार गार्डन के गौरी शंकर विहार में घर में घुसकर बदमाश ने महिला के गले से चेन लूट ली। इसके बाद फरार हो गया। एक सप्ताह के भीतर महिलाओं से लूट की यह चौथी वारदात है। दो मामले में पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज भी है। इसके बावजूद भी साहिबाबाद थाना पुलिस के हाथ खाली हैं।
शालीमार गार्डन के गौरी शंकर विहार में शरद मोहन परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर बुधवार शाम करीब छह बजे उनके घर में महिला बैठी हुई थीं। गेट नंबर दो से एक बदमाश आया ओर वह घर में घुस गया। बदमाश का दूसरा साथी गेट के पास मोटरसाइकिल लिए खड़ा था। घर में घुसे युवक ने महिला के गले से चेन खींची। महिला ने विरोध किया तो बदमाश उन्हें धक्का देकर फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने साहिबाबाद थाना पुलिस से मामले की शिकायत की है। वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। एक सप्ताह में चौथी लूट: बीते सप्ताह बृहस्पतिवार को एक घंटे के भीतर बदमाशों ने दो महिलाओं को लूट का शिकार बनाया। पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने गरिमा पांडेय और रिचा सिंह से चेन लूट ली थी। वारदात सीसीटीवी में कैद है। इसके बाद भी पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी। बीती शुक्रवार को करहैड़ा निवासी पद्मा से लाजपत नगर में डेढ़ तोले की सोनी की चेन लूट ली। अब लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे हैं। घटना की जानकारी नहीं है। चौकी प्रभारी ने भी सूचना नहीं दी है। यदि घटना हुई है तो रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। लूट की वारदातों को रोकने के लिए सघन चेकिग चलाई जा रही है।
- अनिल शाही, थाना प्रभारी निरीक्षक साहिबाबाद