खेलते समय घर में गई गेंद, पड़ोसी ने बच्चे को पीटा
जागरण संवाददाता साहिबाबाद लिक रोड थाना क्षेत्र स्थित साहिबाबाद गांव में रविवार दोपहर खेलत
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : लिक रोड थाना क्षेत्र स्थित साहिबाबाद गांव में रविवार दोपहर खेलते समय घर में गेंद जाने से नाराज युवक ने 12 साल के बच्चे की पिटाई कर दी। बच्चे के स्वजन ने युवक के खिलाफ लिंक रोड थाने में शिकायत दी है।
साहिबाबाद गांव में देवेंद्र गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। उनका 12 साल का बेटा रौनक गुप्ता छठीं का छात्र है। रौनक रविवार दोपहर घर के पास बच्चों के साथ गेंद खेल रहा था। इस दौरान गेंद पड़ोसी के मकान में चली गई। आरोप है कि रौनक गेंद लेने गया, तो पड़ोसी युवक ने उसकी पिटाई कर दी। जिससे उसके कान में चोट आई है। उसे सुनने में दिक्कत हो रही है। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन उसे लेकर लिंक रोड थाना पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया है कि बच्चों के खेलने के दौरान विवाद हुआ है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
नहीं हैं खेल के मैदान: ट्रांस हिंडन में खेल के मैदान नहीं हैं। ज्यादातर पार्को में भी 10 साल से अधिक उम्र के बच्चों के खेलने पर मनाही है। बच्चे खेलने के लिए परेशान रहते हैं। मजबूरी में बच्चे सड़कों पर खेलते हैं। इस दौरान हादसे होते हैं। इसको लेकर आए दिन लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं। यहां के निवासियों ने अधिकारियों से खेल के मैदान की मांग की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।