स्वामी विवेकानंद एंक्लेव में आया गंदा पानी, परेशानी
जासं साहिबाबाद शालीमार गार्डन स्थित स्वामी विवेकानंद एंक्लेव में एक बार फिर से घरों में गंद
जासं, साहिबाबाद: शालीमार गार्डन स्थित स्वामी विवेकानंद एंक्लेव में एक बार फिर से घरों में गंदा पानी आने लगा है। जिस कारण स्थानीय निवासी परेशान हैं। इसके अलावा शालीमार गार्डन-1 और शालीमार गार्डन-2 में भी कुछ घरों में गंदा पानी आया। मामले की शिकायत अवर अभियंता से की गई है।
स्वामी विवेकानंद एंक्लेव में पेयजल की समस्या लंबे समय से है। यहां रहने वाले लोग पीने का पानी बाजार से खरीदकर पीते हैं। महीने में महज 8-10 दिन ही यहां पर साफ पानी आता है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या कभी पाइपलाइन में लीकेज होना तो कभी वॉल्ब खराब होना बताया जाता है। स्थानीय निवासी आशुतोष का आरोप है कि पाइपलाइन को बदलने का काम नहीं किया जाता है, अस्थाई समाधान कर नगर निगम के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दावा करते हैं। जिस कारण पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को फिर से घरों में गंदा पानी आया। जिस कारण यहां रहने वाले एक हजार से अधिक परिवार के लोग परेशान हुए। अंदेशा है कि पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण घरों में गंदा पानी आया। अवर अभियंता ओमप्रकाश का कहना है की स्वामी विवेकानंद एंक्लेव में पेजयल की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।