ओवरलोडिंग और मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ती, साहिबाबाद में मार्च से लगातार जारी है पावर कट
साहिबाबाद और ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों में मार्च से रोजाना तीन-चार घंटे की बिजली कटौती जारी है, जिससे लोग परेशान हैं।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
साहिबाबाद में मार्च से रोजाना तीन-चार घंटे बिजली कटौती।
ओवरलोडिंग और मेंटेनेंस को बताया जा रहा कारण।
वर्षा के दौरान एहतियातन शटडाउन की बात कही गई।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों में रोजाना तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। कहीं ओवरलोडिंग के कारण फाल्ट तो कहीं अघोषित बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है।
शनिवार को भी सुबह से हुई वर्षा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती से लोगों का परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत निगम खानापूरी करता है और समस्या जस की तस बनी रहती है। इन दिनों भीषण गर्मी भी नहीं पड़ रही है लेकिन अधिकारी ओवरलोडिंग के नाम पर कटौती बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
वसुंधरा के अलग-अलग सेक्टर में शनिवार सुबह से बिजली की कटौती से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सेक्टर-1 निवासी दिव्यांश ने बताया कि सुबह करीब तीन घंटे तक बिजली नहीं आई।
वर्षा रुकने के बाद भी बिजली आपूर्ति रही बाधित
बिजलीघर पर कॉल करने पर शटडाउन लेने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि वर्षा रुकने के बाद भी बिजली की आपूर्ति बाधित रही। इंदिरापुरम नीतिखंड-4 में भी करीब चार घंटे तक बिजली की कटौती की गई।
स्थानीय निवासी कुशल ने बताया कि हर दिन दोपहर में बिजली काटी जा रही है। इंद्रप्रस्थ कॉलनी, शालीमार गार्डन, राजेंद्रनगर, अर्थला समेत अन्य इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही। लोगों का कहना है कि मार्च के बाद से ही बिजली कटौती बरकरार है।
विद्युत निगम के अधिकारी समय रहते ट्रांसफार्मर और फीडर की ओवरलोडिंग की समस्या को दूर नहीं कर पाए। जब तक इस समस्या को दूर नहीं किया जाएगा बिजली कटौती से राहत नहीं मिलेगी।
विद्युत निगम जोन-3 के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि वर्षा के दौरान एहतियात के तौर पर शटडाउन लिया जाता है। दोपहर बाद सभी जगह बिजली की आपूर्ति सामान्य रही।
