होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों पर निगाह रखवा रहा है प्रशासन
जागरण संवाददाता गाजियाबाद होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों की निगरानी के
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों की निगरानी के लिए प्रशासन ने सर्विलांस टीमें गठित की हैं। इसके तहत एकीकृत नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निगाह रखी जा रही है। संक्रमितों की चार चरणों के हिसाब से निगरानी कराई जा रही है।
प्रथम चरण में केस पॉजिटिव आने पर संबंधित व्यक्ति को अस्पताल में पहुंचाने की इंटीग्रेटिड स्कीम के तहत पोर्टल पर पॉजिटिव मरीज की अपलोडिग के साथ इंटीग्रेटिड कंट्रोल रूम द्वारा 20 बिदुओं पर सूचना ली जाती है। यह सूचना कंट्रोल रूम में तैनात डॉक्टरों को दी जाती है और उन्हें सुविधा के हिसाब से (एल-1, एल-2 व एल-3) में भर्ती कराया जाता है। दूसरे चरण में प्रशासन ने नौ रैपिड रेस्पांस टीम गठित की हैं। इनमें डाक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ शामिल हैं। यह टीमें अपने आपको कोरोना लक्षण बताने वाले लोगों के घर जाती हैं और उन्हें जागरूक करती हैं। तीमारदार को क्या-क्या सावधानियां बरतनी हैं, इस संबंध में बताती हैं। नियम पूरे होने पर होम आइसोलेशन की अनुमति दी जाती है। तीसरे चरण में होम आइसोलेशन में रखे गए पॉजिटिव मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी के लिए सर्विलांस टीम की मदद से फील्ड स्टाफ रोगी व तीमारदार को होम आइसोलेशन के पैरामीटर की जांच करती है। उल्लंघन होने पर उन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया जाता है। चौथे चरण में कंट्रोल रूम में तैनात डॉक्टरों की टीम नियमित रूप से दो बार होम आइसोलेशन में रहने वाले पॉजिटिव लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी करते हैं और शरीर का तापमान, पल्स रेट व ऑक्सीजन की स्थिति को एक रजिस्टर में रोगीवार 10 दिनों तक नियमित रूप से दर्ज करते हैं।
----
होम आइसोलेशन को लेकर जिले की स्थिति
- होम आइसोलेशन में रखे जाने के लिए कुल आवेदन : 445
- जांच में सही पाए गए लोग, जिन्हें होम आईसोलेशन में रहने की अनुमति दी गई : 421
- वर्तमान में होम क्वारंटाइन की अवधि पूर्ण कर चुके लोग : 261
- वर्तमान में होम आइसोलेशन में रह रहे लोग : 153
- होम क्वारंटाइन में रहने वाले लोगों को दी गई चेतावनी : 22
- वर्तमान में फ्रेंडली वॉचर्स ने दिया रेस्पांस : 627
- होम आइसोलेशन से कोविड एल-1, एल-2 व एल-3 में भेजे गए लोग : एल-1 - 09, एल-2 - 01, एल-3 - 04, प्राइवेट - 09
- होम आइसोलेशन से वर्तमान तक लोगों को किए गए फोन : 3288