पुलिस ने यातायात नियमों के प्रति किया जागरुक
जागरूकता अभियान में विभिन्न निजी संगठनों की भी मदद ली गई।
जासं, गाजियाबाद : यातायात पुलिस ने शनिवार को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने बाजार, चौराहों व स्कूल में पोस्टर, बैनर व होर्डिग के माध्यम से जागरूक किया। जागरूकता अभियान में विभिन्न निजी संगठनों की भी मदद ली गई।
यातायात माह एक से 30 नवंबर तक चलेगा। शनिवार को यातायात निरीक्षक व उपनिरीक्षक टीम के साथ निजी व सरकारी स्कूलों में पहुंचे और शिक्षक व छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। बच्चों ने यातायात नियमों पर सवाल पूछे। स्कूलों के गेट पर पोस्टर लगाए गए। पोस्टर पर यातायात नियम और नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माने की राशि लिखी गई है। होर्डिग और बैनर के साथ बाजार में मार्च भी निकाला गया। नियम तोड़ने पर हुई कार्रवाई
स्कूल वाहन सहित सभी वाहनों की सघन चेकिग की गई। हूटर, प्रेशर हार्न, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, काली फिल्म, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल का प्रयोग, तीन सवारी, बिना हेलमेट, नाबालिग द्वारा और विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई। जनपद में पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 2103 वाहनों का चालान किया गया। वाहन चालकों से एक लाख 95 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। यूनिक नंबर नहीं होने और अन्य जनपद के परमिट पर चल रहे 23 आटो को जब्त किया गया। इसके अलावा मास्क नहीं लगाने पर 11 वाहनों का चालान किया गया।
स्कूलों में जाकर बच्चों और शिक्षकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया है। लोग यातायात के नियम जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। जागरुक होने पर हादसे भी कम होते हैं।
-रामानंद कुशवाहा, एसपी ट्रैफिक