संगीत बजाने पर रात में झगड़ा, सुबह पथराव में नौ बराती घायल
कविनगर क्षेत्र में डीजे पर हुए विवाद के बाद सोमवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने बरातियों से मारपीट कर पथराव कर दिया। इस कारण मौके पर अफरातफरी मच गई और काफी हंगामा हुआ। पथराव से बुजुर्ग महिला समेत नौ लोगों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : कविनगर क्षेत्र में संगीत बजाने पर हुए विवाद के बाद सोमवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने बरातियों से मारपीट कर पथराव कर दिया। इस कारण मौके पर अफरातफरी मच गई और काफी हंगामा हुआ। पथराव से बुजुर्ग महिला समेत नौ लोगों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कविनगर थाने में शिकायत देने वाले सूरज ने बताया कि श्यामपार्क निवासी उनके रिश्तेदार निरंजन की रविवार रात लालकुआं स्थित मानसरोवर कालोनी में बरात आई थी। यहां के रहने वाले मूलचंद की बेटी गीता से निरंजन की शादी हुई है। मूलचंद के घर के पास विवाह स्थल पर रविवार रात मोहल्ले के लोगों व कुछ बरातियों में संगीत बजाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। उस समय मामले को शांत करा दिया गया। सुबह साढ़े 10 बजे विदाई के समय 15-20 लोग विवाह स्थल पर लाठी-डंडे लेकर आए और वहां मौजूद बरातियों को पीटना शुरू कर दिया। विरोध पर आरोपित भागने लगे, लेकिन दूर जाकर उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इसमें बेला, सूरज, करन, अमन, विकास, मदन, कुलदीप, बिरजू व मक्खन को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपित फरार हो गए। मारपीट व पथराव के कारण मौके पर हड़कंप मच गया। इस कारण विदाई में देरी हुई और दो बजे के बाद दुल्हन को विदा किया गया।
कविनगर एसएचओ राजकुमार शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संगीत बजाने के विवाद पर बराती को पीटा
जासं, गाजियाबाद : सिहानी गेट थानाक्षेत्र में भी एक युवक ने संगीत बजाने पर हुए झगड़े के बाद पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने दो दिन बाद सिहानी गेट थाने में शिकायत दी है। दिल्ली के करावल नगर निवासी पारस नेगी ने बताया कि दोस्त लव अग्रवाल की बरात में 27 अप्रैल को वह गाजियाबाद में जीटी रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आए थे। यहां संगीत पर डांस के दौरान उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया। इसके बाद वह पार्किंग में जाकर अपनी गाड़ी में बैठ गए। आरोप है कि इसी दौरान 2-3 युवक आए और शीशा नीचे करने को कहा। आरोपितों ने गेट खोलकर उन्हें खींचकर बाहर निकाला और पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि 7-8 लोग और आ गए। सभी ने लात, घूंसों व बेल्ट से उन्हें पीटा और अधमरा कर भाग गए। पीड़ित के मुताबिक एक दोस्त ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने शिकायत दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।