विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबाबाद: भोपुरा में ट्रांसफार्मर फुंका, पंचशील कॉलोनी में 12 घंटे से बिजली गुल, 10 हजार लोग बेहाल

Published: Fri, 04 Sep 2026 06:45 PM (IST)

भोपुरा की पंचशील कॉलोनी में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से 12 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल है, ...और पढ़ें

फॉल्ट ठीक करते कर्मी।

फॉल्ट ठीक करते कर्मी।

HighLights

  1. भोपुरा की पंचशील कॉलोनी में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका।

  2. करीब 12 घंटे से बिजली गुल, 10 हजार लोग प्रभावित।

  3. मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद 24 घंटे आपूर्ति नहीं।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। भोपुरा की पंचशील कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से बीते करीब 12 घंटे से बिजली गुल है। इससे यहां के करीब 10 हजार लोगों के पसीने छूट रहे हैं।

लोगों को सुबह में पीने के लिए पानी तक नहीं मिल सका। विद्युत कर्मी फॉल्ट ठीक करने में जुटे हुए हैं। देर शाम तक भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। वहीं, वर्षा के दौरान फॉल्ट होने से भी विभिन्न इलाकों में बिजली कटौती हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 2:00 बजे बिजली गुल हो गई थी। शुक्रवार को दोपहर दो बजे तक भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है।

अधिकारियों का कहना है कि शाम पांच से छह बजे तक आपूर्ति सामान्य हो सकेगी। इसके अलावा भी विभिन्न इलाकों में बिजली कटौती से लोगों के पसीने छूट गए।

अधिकारियों ने सीएम के आदेश का भी नहीं किया पालन

लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के चलते शहर से गांव तक 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के आदेश दिए थे, लेकिन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आदेश का भी पालन नहीं किया।

शहीद नगर में बृहस्पतिवार देर रात ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हो गया। इससे यहां की करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। बिन बिजली के लोग रातभर परेशान रहे। लोगों ने बताया कि बीते कई दिन से बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

बुधवार रात को भी पूरी रात बिजली कटौती झेलनी पड़ी थी। घरों के एसी, कूलर, पंखे नहीं चलने से गर्मी से बुरा हाल हो गया। शिकायत पर अधिकारी रातभर फॉल्ट ठीक करने का आश्वासन देते रहे। शुक्रवार को भी दिनभर बिजली का आना-जाना लगा रहा।

वर्षा के दौरान इलाकों में भी हुई बिजली कटौती

वर्षा के दौरान कहीं इंसुलेटर में फॉल्ट तो कहीं लाइन में फॉल्ट होने के कारण इंदिरापुरम के नीति खंड-तीन, वसुंधरा के सेक्टर-नौ व 11, राजेंद्र नगर और विक्रम एन्क्लेव में भी अलग-अलग समय पर बिजली कटौती हुई। इससे लोगों के रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हुए।

कॉलोनी में करीब 15 घंटे से बिजली नहीं है। सुबह में पानी तक नहीं मिल सका। अधिकारियों से शिकायत करने पर जल्द आपूर्ति सामान्य होने का आश्वासन दे रहे हैं।
-ऋषिपाल, निवासी, पंचशील कॉलोनी।

आए दिन अंधाधुंध बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है। कभी फॉल्ट के कारण तो कभी अघोषित कटौती कर दी जाती है। बिन बिजली के पानी तक खरीदना पड़ रहा है।
-धर्मेंद्र शर्मा, निवासी, पंचशील कॉलोनी।

पंचशील कॉलोनी में ट्रांसफार्मर के मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। निर्बाध आपूर्ति के लिए प्राथमिकता से कार्य किए जा रहे हैं।
-नरेश भारती, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-दो।