तय वक्त से पहले मिली आक्सीजन, मरीजों को राहत
जासं गाजियाबाद शहर में होम आइसोलेशन में रह रहे जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली
जासं, गाजियाबाद : शहर में होम आइसोलेशन में रह रहे जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली है। नई व्यवस्था के तहत बुधवार को तीमारदारों द्वारा जमा कराए गए 238 खाली सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरवाकर उनको वापस कर दिया गया है। 36-48 घंटे का समय सिलेंडर में आक्सीजन भरवाकर देने के लिए नगर निगम द्वारा मांगा गया था लेकिन तय वक्त से पहले 24 घंटे के अंदर ही आक्सीजन से भरे सिलेंडर वापस कर दिए गए हैं।
वहीं, बृहस्पतिवार को 176 खाली सिलेंडर तय स्थानों पर तीमारदारों द्वारा जमा कराए गए हैं, जिनको आक्सीजन भरवाने के लिए भेज दिया गया है। इस व्यवस्था के सफल होने पर जिले के कई सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त के पास पत्र भेजा है, जिसमें मरीजों को राहत देने के लिए किए गए प्रयास को सराहा गया है। जरूरतमंद मरीजों के लिए सिलेंडर की व्यवस्था की मांग भी की गई है, जिससे कि उनको सिलेंडर के लिए न भटकना पड़े।
दूसरे दिन जमा हुए सिलेंडर
जोन सिलेंडर
सिटी जोन 48
कविनगर 40
विजयनगर 24
मोहननगर 30
वसुंधरा 34
कुल 176
इंटरनेट मीडिया पर शेयर की प्रतिक्रिया
जिले में दो दिन पहले तक होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करवा रहे मरीजों के तीमारदार खाली सिलेंडर में आक्सीजन भरवाने के लिए परेशान हो रहे थे। आक्सीजन प्लांटों पर लाइन लगाने पर कई लोगों को दो-तीन दिन तक आक्सीजन नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में आक्सीजन की कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो गए थे। मरीज की जान बचाने के लिए मोटी रकम देकर सिलेंडर में आक्सीजन भरवानी पड़ रही थी। लेकिन बृहस्पतिवार को जब तय शुल्क पर ऑक्सीजन मिल गई और भीड़ न होने के कारण संक्रमण का खतरा कम हुआ तो लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर प्रतिक्रिया दी और व्यवस्था की सराहना की। 24 घंटे के अंदर खाली सिलेंडरों में आक्सीजन भरवाकर वापस कर दिया गया है। जल्द ही यह समयावधि और कम की जाएगी, जिससे की मरीजों को राहत मिले।
- महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त