स्वच्छता और देशप्रेम का संदेश दे रहा नेहरू पार्क
गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं सूर्य नगर स्थित नेहरू पार्क पिछले दो साल से स्वच्छता के साथ ही देशप्रेम का संदेश दे रहा है। पार्क न केवल ट्रांस हिडन बल्कि दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसकी मुख्य वजह पार्क की साफ सफाई के साथ ही यहां पर रोजाना सुबह होने वाला राष्ट्रगान और भजन के साथ बजने वाले देशप्रेम के गीत हैं। पार्क में दिल्ली के योजना विहार और विवेक विहार से भी सैकड़ों लोग रोजाना आते हैं।
अभिषेक सिंह, साहिबाबाद: गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं, सूर्य नगर स्थित नेहरू पार्क पिछले दो साल से स्वच्छता के साथ ही देशप्रेम का संदेश दे रहा है। पार्क न केवल ट्रांस हिडन बल्कि दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसकी मुख्य वजह पार्क की साफ सफाई के साथ ही यहां पर रोजाना सुबह होने वाला राष्ट्रगान और भजन के साथ बजने वाले देशप्रेम के गीत हैं। पार्क में दिल्ली के योजना विहार और विवेक विहार से भी सैकड़ों लोग रोजाना आते हैं। पार्क की खूबियां: पार्क में म्यूजिक सिस्टम के साथ ही 21 स्पीकर लगाए गए हैं। जिन पर सुबह छह बजे से नौ बजे तक और शाम को पांच बजे से रात आठ बजे तक भजन और देशप्रेम के गीत बजते हैं। पार्क में 62 लाइट लगवाई गईं हैं। पार्क में वजन नापने वाली मशीन भी लगाई गई है। पार्क की साफ सफाई के लिए चार माली लगे हैं। उनको अगर किसी सामान की आवश्यकता होती है तो स्थानीय लोग मुहैया कराते हैं। रोजाना होता है राष्ट्रगान: दो साल से पार्क में सुबह के वक्त रोजाना राष्ट्रगान होता है। इस दौरान पार्क में जो व्यक्ति जिस जगह मौजूद रहता है, वहीं पर रुक जाता है। उस समय पार्क का माहौल देखने लायक होता है। बच्चे, युवा या बुजुर्ग जो भी इस पार्क में मौजूद रहते हैं वह लोग स्पीकर पर बजने वाले राष्ट्रगान के साथ ही खुद भी राष्ट्रगान गाते हैं। 26 जनवरी 2018 से यहां पर ऐसा हो रहा है। पार्क में आने वाले लोग खासतौर पर राष्ट्रगान के वक्त रोजाना यहां पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने पार्क को बनाया सुंदर: सूर्यनगर बी ब्लॉक आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष केबी टंडन ने बताया कि नेहरू पार्क को नगर निगम ने बनवाया लेकिन इस पार्क को सुंदर स्थानीय लोगों ने बनाया है। इसके लिए उन्होंने पार्क में अपनी ओर से लाइट, स्पीकर और बेंच लगवाई गई हैं।