Farmers Protest March: 4 सदस्यीय दल कार से दिल्ली रवाना, यूपी गेट से वापस लौटने लगे किसान
Farmers Protest March पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान मार्च के जरिये दिल्ली के जंतर मंतर जाना चाह रहे थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने यूपी गेट पर उन्हें रोक दिया।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। एक समान मुआवजे की मांग को लेकर चार सदस्यीय दल कार से दिल्ली रवाना हुआ है। इसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, पंजाब प्रांत अध्यक्ष हरेंद्र लखवाल, मेरठ मंडल अध्यक्ष पवन खटवाल और कार्यकर्ता इंद्रजीत शामिल हैं। वहीं, यूपी गेट पर जमा किसानों वापस लौटने लगे हैं।
बता दें कि इससे पहले बड़ी संख्या में किसान दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर (यूपी गेट) पर जमा थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान मार्च के जरिये दिल्ली के जंतर मंतर जाना चाह रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने यूपी गेट पर उन्हें रोक दिया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत भी यूपी गेट पहुंचे। उन्होंने किसानों से कहा कि अपने 3 अध्यादेशों के साथ हमारी भी एक मांग जोड़ दें। न्यूनतम समर्थन मूल्य को भी सरकार कानून बना दे।
बता दें कि सोमवार सुबह से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से होते हुए बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के जंतर मंतर तक पैदल मार्च करने की तैयारी में थे। हालात के मद्देनजर यूपी गेट पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पिछले साल भी किसानों का दिल्ली में प्रवेश रोके जाने पर दिल्ली पुलिस के साथ संघर्ष हुआ था। ऐसे में इस बार पुलिस बहुत सतर्क रही। इसके चलते किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए थे। इसके लिए बॉर्डर पर बेरिकेडिंग की संख्या बढ़ाई गई थे।
बता दें कि पिछले साल भी सितंबर महीने में ही कई मांगों को लेकर किसानों ने नोएडा के सेक्टर 69 से दिल्ली के किसान गेट की तरफ कूच करने की कोशिश की थी। यहां से करीब 11 लोगों का प्रतिनिधि मंडल सरकार से वार्ता करने गया था। इसके बाद करीब घंटों की वार्ता के बाद किसानों का प्रतिनिधि मंडल वापस हुआ। इस बीच किसान मोर्चे (यूपी गेट) पर जमे रहे थे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो