गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। लिंक रोड पर जैन मार्बल के सामने शनिवार रात करीब सवा नौ बजे बाइक सवार को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर कार रेलिंग को तोड़ती हुई डिवाइडर पर चढ़ गई। कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर जाम लग गया।

शनिवार रात करीब सवा नौ बजे लिंक रोड पर जैन मार्बल के सामने एक पोलो कार अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। कार में 4 लोग सवार थे जो बाल बाल बच गए। कार चला रहे युवक आदित्य ने बताया कि वह आनंद विहार मेट्रो स्टेशन से बहन को लेकर मोदीनगर अपने घर जा रहा था।

लिंक रोड पर मेन लाइन में चल रहा था। तभी अचानक बीच में चल रहे बाइक सवार ने उनकी कार की तरफ मोड़ दिया। बाइक सवार को बचाने के दौरान कार अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ती हुई डिवाइडर पर चढ़ गई। मौके से बाइक सवार भाग गया।हादसे में किसी को चोट नहीं लगी है। कार क्षतिग्रस्त हो गई है।

वहीं, हादसे के बाद लिंक रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर लिंक रोड थाने की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची।क्रेन की मदद से को हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस आयुक्त साहिबाबाद भास्कर वर्मा ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं है। पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।

Edited By: Geetarjun