यूपीः खाना देने में देरी होने पर पति ने पत्नी के माथे पर मार दी गोली
अशोक ने तमंचा निकालकर उस पर दो फायर कर दिए। एक गोली से उसके बराबर से निकल गई और दूसरी उसके माथे पर जा लगी।
गाजियाबाद (जेएनएन)। मानसरोवर पार्क में शनिवार रात देर से खाना देने पर शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी पर तमंचे से फायरिंग कर दी। एक गोली पत्नी के माथे पर लगी और उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के पुत्र ने पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना कविनगर थाना क्षेत्र की है। मानसरोवर पार्क निवासी अशोक कुमार ट्रांसपोर्टर है। परिवार में पत्नी सुनयना (55) व दो पुत्र रिंकू, टिंकू थे। दोनों पुत्र कैब चालक हैं। अशोक शराब पीने का आदी है और अक्सर शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था। इसको लेकर अक्सर उसका पत्नी से विवाद होता था।
शनिवार देर रात को दोनों पुत्र नीचे के कमरे में सो रहे थे जबकि पत्नी ऊपर के कमरे में थी। देर रात वह शराब पीकर घर पहुंचा और उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद उसने खाना मांगा तो सुनयना को खाना लाने में देरी हो गई। इस पर उसने सुनयना की पिटाई कर दी।
सुनयना ने विरोध किया तो अशोक ने तमंचा निकालकर उस पर दो फायर कर दिए। एक गोली से उसके बराबर से निकल गई और दूसरी उसके माथे पर जा लगी। गोली की आवाज सुनकर दोनों बेटे ऊपर आए तो सुनयना खून से लथपथ हालत में नीचे पड़ी थी।
रिंकू ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन उसकी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्यारोपी पति अशोक को गिरफ्तार कर लिया।