प्रियंका गांधी ने पत्रकार की पत्नी से की बात, कहा- ‘भाभी मैं आपका साथ दूंगी, कोई दिक्कत हो तो कॉल करना’
पत्रकार विक्रम जोशी को विजयनगर क्षेत्र में 20 जुलाई को स्कूटी सवार बदमाशों ने बेटी के सामने सिर पर गोली मारी थी। घटना के दो दिन बाद विक्रम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
गाजियाबाद [आशीष गुप्ता]। भाभी बहुत गलत हुआ...मैं आपका साथ दूंगी...कोई दिक्कत महसूस हो तो मुझे कॉल करना! कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिवंगत पत्रकार विक्रम जोशी की पत्नी कविता और बड़ी बहन से बात करते हुए यह ढांढस बंधाया। उन्होंने अपना पर्सनल नंबर भी उन्हें दिया।
20 जुलाई को पत्रकार विक्रम जोशी की विजयनगर में हुई थी हत्या
पत्रकार विक्रम जोशी को विजयनगर क्षेत्र में 20 जुलाई को स्कूटी सवार बदमाशों ने बेटी के सामने सिर पर गोली मारी थी। घटना के दो दिन बाद विक्रम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद से पुलिस और कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
मौत के बाद बढ़ गई थी राजनीतिक हलचल
मौत के बाद राजनीतिक हलचल भी काफी तेज हो रही है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वीरेंद्र गुड्डू ने दोपहर करीब ढाई बजे विक्रम के कृष्णानगर बागू स्थित घर पहुंच कर फोन पर पत्रकार की पत्नी कविता और बड़ी बहन प्रिया कालिया से राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की बात कराई। बकौल कविता प्रियंका गांधी ने उनसे फोन पर बात करते हुए भावुक हो गईं। कविता को भाभी संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो हुआ बहुत गलत हुआ। मैं आपका साथ दूंगी। कोई दिक्कत महसूस हो तो मुझे कॉल करना। इसके लिए उन्होंने अपना नंबर भी दिया।
बड़ी बहन से कहा अपराधियों को सजा दिलाने का हो रहा प्रयास
पत्रकार की बड़ी बहन प्रिया कालिया से प्रियंका गांधी ने कहा कि वह उनके घर आना चाहती थीं। किसी वजह से नहीं आ पाईं। अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन से हर संभव मदद और सुरक्षा दिलाने के लिए कांग्रेस प्रयासरत है। प्रियंका ने इस दौरान यूपी में कानूनी व्यवस्था को लेकर सवालिया निशान लगाए।
बिल्डर के अपहरण के मामले में मुख्यमंत्री को लिखेंगी पत्र
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को अपहृत बिल्डर विक्रम त्यागी के चाचा संजय त्यागी से फोन पर बात की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बात कराई। संजय त्यागी ने बताया कि प्रियंका गांधी ने भरोसा दिलाया है कि वह उनके साथ हैं। बताया कि विक्रम को जल्द तलाशने के लिए वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगी और ट्वीट भी करेंगी।