यह सनकी कर चुका है 500 से अधिक महिलाओं को अश्लील वीडियो कॉल, एक महिला ने पकड़वाया
रोहतक का रहने वाला 22 साल का यह सनकी शख्स महिलाओं से नंबर बदल-बदलकर अश्लील वीडियो कॉल करता था। इस दौरान वह बेहद आपत्तिजनक हरकतें और बातें करता था।
गाजियाबाद [हसीन शाह]। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक ऐसे शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो वाट्सऐप पर महिलाओं को अश्लील वीडियो कॉल करता था। इतना ही नहीं, वह उन्हें ब्लैकमेल करने की धमकी भी देता था। यह शख्स मूलरूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है और आरोपित युवक पकौड़ा बेचने का काम करता है।
बता दें कि गाजियाबाद पुलिस की साइबर सेल ने को वाट्सऐप पर महिलाओं को अश्लील वीडियो कॉल करने वाले इस युवक को पिछले दिनों हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया। आरोपित फर्जी नंबरों से 500 से ज्यादा महिलाओं को अश्लील कॉल कर चुका है।
साइबर सेल प्रभारी जहीर खान के मुताबिक, इसी साल जून महीने में एक महिला ने पुलिस से शिकायत की थी। महिला द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, एक शख्स उसे नंबर बदल-बदलकर अश्लील वीडियो कॉल कर रहा है। इस दौरान बेहद आपत्तिजनक हरकतें और बातें करता है। इस शिकायत के मिलते ही आरोपित को पकड़ने के लिए साइबर सेल की टीम काम कर रही थी।
पुलिस ने पिछले सप्ताह रोहतक से आरोपित 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान दीपक निवासी आदर्श धर्मशाला के पास कलानौर, रोहतक के रूप में हुई है। आरोपित के पास से दो सिम व एक मोबाइल बरामद हुआ है। मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि आरोपित ने 500 से अधिक महिलाओं को अश्लील मैसेज किए हैं। आरोपित महिलाओं के रेंडम नंबर ट्राई करता था। इसके बाद फर्जी नबंर बदल-बदलकर अश्लील मैसेज करता था। पुलिस ने वाट्सएप से आरोपित की जानकारी मांगी थी। वाट्सएप से जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया।
पकौड़े ही रेहड़ी लगाता हे आरोपित
पुलिस ने बताया कि आरोपित रेहड़ी पर पकौड़े की दुकान लगाता है। दिन में पकौड़े बनाते समय महिलाओं के रेंडम नंबर ट्राई करता था। महिला के नंबर की पुष्टि होने पर रात होने पर उस नंबर पर वीडियो कॉल करता था। महिलाओं को अश्लील वीडियो भेजता था। वीडियो कॉल करने के लिए वर्चुअल नंबर का भी इस्तेमाल करता था। आरोपित दसवीं पढ़ा हुआ है और साइबर की अच्छी जानकारी रखता है। वह अपने दोस्तों को भी महिलाओं को अश्लील मैसेज करने की सलाह देता था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो