गाजियाबाद में शनिवार सुबह 10 बजे तक नहीं मिलेगी इंटरनेट सेवा, स्कूल भी रहेंगे बंद
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन और हिंसा के बीच दिल्ली समेत पूरा एनसीआर अस्त-व्यस्त रहा। इसी के कारण गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा शनिवार सुबह 10बजे तक बंद रहेगी।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन और हिंसा के बीच दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में भी विपरीत हालात बन गए हैं। इस बीच प्रशासन ने गाजियाबाद में एहतियातन इंटरनेट सेवा को 21 दिसंबर की सुबह 10 बजे तक के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। इससे पहले शहर में इंटरनेट सेवा को गुरुवार की रात 10 बजे से ही बंद कर दी गई थी। इसके साथ ही स्कूलों को शनिवार बंद रखने का आदेश प्रशासन ने दिया है।
बता दें कि एनसीआर के गाजियाबाद समेत अन्य इलाकों में नागरिकता संशोधन कानून को वापस लेने के लिए लगातार प्रदर्शन हो रहा है। शुक्रवार को हुए प्रदर्शन में शहर में प्रदर्शन काफी हिंसक हो गया था। साहिबाबाद के पसौंडा में लोगों ने आज पुलिस पर पथराव कर दिया था।
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध के चलते जिला प्रशासन ने जिले में इंटरनेट सेवा बंद रहने की अवधि 12 घंटे और बढ़ा दी है। अब शनिवार सुबह 10 बजे तक जिले में इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद रहेगी। हालांकि जिले की स्थिति को देखते हुए सेवा को अधिक समय के लिए भी बंद रखा जा सकता है। इस पर प्रशासन आज फैसला लेगा कि इंटरनेट सेवा शुरू की जाए या बंद रखी जाए।
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि पहले बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन, जिले में कई जगह हुए विरोध प्रदर्शन और आसपास के जिलों में हुई घटनाओं के बाद 12 घंटे की अवधि और बढ़ाई गई है। इंटरनेट सेवा के संबंध में शनिवार को दोबारा निर्णय लिया जाएगा कि इसे आगे बंद रखा जाना है या शुरू करना है।