गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की एक महिला ने ससुरालियों पर दहेज में स्कार्पियो कार नहीं देने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला ने ससुर पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

महिला का आरोप है कि दिसंबर 2021 में उनकी दिल्ली के युवक से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनसे दहेज में स्कॉर्पियो कार लाने की मांग कर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट करते हैं।

महिला का आरोप है कि वह किचन में खाना बना रही थी। ससुर ने आकर उनसे छेड़छाड़ की। उन्होंने पति और सास को बताया तो उन्हें पीटा। ससुर ने हाथ पकड़कर घर से निकाल दिया। स्कॉर्पियो कार लाने पर घर आने की बात कही।

पीड़िता अपने मायके पहुंची और स्वजन को जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद ने बताया कि पति, सास, ससुर, ताई सास, ताया ससुर, ननद के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, दहेज प्रतिबंध अधिनियम और धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

दहेज के लिए महिला से मारपीट

खोड़ा थाना क्षेत्र की एक कालोनी की महिला ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पेट पर लात मारने से उनका गर्भपात हो गया। उन्होंने पति समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला का आरोप है कि देवर उनसे छेड़छाड़ करता है। पति और सास इसके लिए उसे उकसाते हैं। उन्हें खाना और सोने के लिए बिस्तर भी नहीं देते हैं। उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उनका हर बात पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता है। पीड़िता ने खोड़ा थाने में पति, सास, देवर समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Edited By: Geetarjun